भानपुरा (मंदसौर)। भानपुरा नगर परिषद का एक साल पूरा हो गया है। चुनाव से पहले घोषणा पत्र में किए गए 34 में से एक भी वादे पर अमल नहीं हुआ है। रेवा नदी पूरी तरह गंदी हो रही है। तो निर्माण कार्यों में भी भ्रष्टाचार का आरोप लग रहा है। फिर भी अध्यक्ष का दावा है कि हमने कार्य किया है और कर रहे हैं।

नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में वादे किए थे, उनमें सब्जी मंडी का निर्माण, विभिन्ना चौराहे को चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण, नवीन वाचनालय का निर्माण, प्रतीक्षालय निर्माण, नगर में आवारा पशुओं हेतु गौशाला निर्माण, टैक्सी स्टैंड, सामुदायिक भवन, शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण, रेवा नदी शुद्घिकरण, प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना, पॉलीथिन मुक्त नगर, मुक्तिधामों का विकास के वादे किए थे, पर अभी तक इनमें से एक भी वादे पर कार्य शुरू नहीं हुआ है। सारी समस्या यथावत है। एक वर्ष में नगर परिषद ने प्रस्ताव तो स्वीकृत किए है पर वह सब कागजों में ही है।

ये हैं प्रमुख समस्याएं

*1977 में बना फिल्टर प्लांट नगर की पेयजल आवश्यकता की पूर्ति नहीं कर पा रहा है।

*रेवा नदी पूरी तरह प्रदूषित हो गई है। नगर के सभी गंदे नाले नदी में ही जा रहे हैं।

*स्थायी सब्जी मंडी नहीं होने से डाक बंगला कॉलोनी में लग रही है। वहां सड़क, छाया की कोई व्यवस्था नहीं है।

*बस स्टैंड पर यात्री प्रतीक्षालय नहीं होने से हर मौसम में यात्री खुले में ही रहते हैं।

*नगर के एकमात्र रेवा गार्डन को नगर परिषद ने कबाड़ रखने की जगह बना दिया है।

*मुख्य मार्गो की हालत जर्जर है। रेवा गार्डन बायपास, धानमंडी से नीमथूर गेट ज्यादा खराब है।

क्या कहते हैं संबंधित पक्ष

*विधायक चंदरसिंह सिसौदिया ने कहा कि नगर पालिका अधिकारी अभी छुट्टी पर हैं। उनसे बात करने के बाद ही विकास कार्यों की स्थिति बता पाऊंगा।

*नगर परिषद अध्यक्ष रेखा मांदलिया ने कहा कि एक वर्ष में परिषद ने कई विकास कार्य किए है। पशु हाट शुरू किया गया। कई वार्डों में सीसी रोड नाली निर्माण हुआ। बचे हुए कार्यकाल में सभी वादों को पूरा किया जाएगा।

*भाजपा जिलाध्यक्ष देवीलाल धाकड़ ने कहा जो भी घोषणा पत्र में वादे किए है उन्हें प्राथमिकता से पूरा करने के लिए अध्यक्ष व परिषद संकल्पित है, इन्हें पूरा किया जाएगा।

*नगर परिषद उपाध्यक्ष संजय बंबोरिया ने कहा कि जलसवंर्धन योजना में 9 करोड़ की लागत की स्वीकृत हो गई है। इसका काम शीघ्र शुरू होगा। घोषणा पत्र पूरा करना हमारा संकल्प है।

*भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी ने कहा कि एक वर्ष में परिषद ने नगर विकास के कार्य किए है। बचे समय में सार्थक प्रयास कर घोषणा पत्र के वादों को पूरा किया जाएगा। परिषद जनभावनाओं को ध्यान में रखकर कार्य करेगी।

विपक्ष के स्वर

*ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दर्शन वधवा ने कहा कि घोषणा पत्र में जो वादे किए थे। उनमें एक भी पूरा नहीं हुआ। यह परिषद जनभावनाओं पर खरी नहीं उतरी। एक वर्ष में घटिया निर्माण, भ्रष्टाचार बोलबाला रहा।

*कांग्रेस पार्षद हरिकृष्ण मरमट, अनिता भूटानी ने कहा कि एक वर्ष में भाजपा के बहुमत वाली परिषद नगर विकास के कुछ भी कार्य नहीं कर पाई है। जो वादे किए वह अभी तक वादे ही है।

*नगर परिषद चुनाव में पराजित अध्यक्ष प्रत्याशी सरोज सुरेश सेठिया का कहना है कि झूठे वादे करके भाजपा सत्ता में आई घोषणा पत्र में किए गए सभी वादे धरे रह गए।

*नरेश बागड़ी, नाजिर हुसैन खोखर, आजाद खान, आलोक कसेरा, राजेश मरमट, मोहित बागड़िया सहित अन्य ने कहा कि परिषद एक वर्ष में जन भावनाओं पर खरी नहीं उतरी। नगर की समस्याओं का निराकरण होना चाहिए।