Former Union Minister Jaswant Singh passes away; PM Modi, Rajnath Singh  tweet condolences - india news - Hindustan Times

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का लंबी बीमारी के बाद रविवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम नेताओं ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, ‘वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, उत्कृष्ट सांसद, असाधारण जननेता और बुद्धिजीवी श्री जसवंत सिंह के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने अनेक कठिन भूमिकाओं को सहजता और धैर्य के साथ निभाया। उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति मेरी शोक-संवेदना।’
पीएम मोदी ने कहा, उनके निधन से दुखी हूं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि  ‘जसवंत सिंह जी ने पूरी लगन के साथ हमारे देश की सेवा की। पहले एक सैनिक के रूप में और बाद में राजनीति के साथ अपने लंबे जुड़ाव के दौरान। अटल जी की सरकार के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण विभागों को संभाला और वित्त, रक्षा और विदेश मामलों के विभाग में एक मजबूत छाप छोड़ी। उनके निधन से दुखी हूं।’

प्रधानमंत्री ने जसवंत सिंह के पुत्र मानवेंद्र सिंह से फोन पर बात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मोदी ने कहा कि जसवंत सिंह बहुत बहादुरी से पिछले छह साल से अपनी बीमारी से लड़ रहे थे।

ईश्वर जसवंत सिंह की आत्मा को शांति दे: गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, ‘राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री जसवंत सिंह जी के निधन से दुखी हूं।’ उन्होंने ईश्वर से सिंह की आत्मा की शांति और उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।