मंदसौर। शनिवार आधी रात से रविवार तड़के तक जिले में कई जगहों पर जोरदार बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी जमा हो गया। बारिश के बावजूद उमस के कारण लोग परेशान हुए। भानपुरा क्षेत्र में अभी तक ढाई इंच बरसात दर्ज की जा चुकी है। क्षेत्र में सभी नदी-नलों में पानी बहने लगा। जिले में पिपलियामंडी, सीतामऊ, दलौदा, गरोठ और इनके आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश हुई।

शनिवार रात से ही बादलों की कड़कड़ाहट और बिजली चमकने से बारिश का अनुमान लगाया जा रहा था। मध्य रात्रि तेज आंधी के बाद बारिश का क्रम शुरू हुआ। करीब पौन घंटे तक तेज व बूंदाबांदी के रूप में बारिश का सिलसिला चला, जिससे सड़कों पर पानी जमा हो गया। रविवार सुबह तेज धूप के कारण उमस के रूप में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया। बारिश के कारण किसानों के चेहरे खिल उठे।

खुली जल निकासी व्यवस्था की पोल

पिपलियामंडी। शनिवार रात में हुई बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। पुराना गाड़ी अड्डा परिसर में बारिश का पानी जमा हो गया, जिससे सब्जी मंडी और अंजुमन मार्ग जाने वाले राहगीरों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सीएमओ जेएल पाटीदार ने बताया कि पानी निकासी के लिए जल्द ही नाला निर्माण किया जाएगा।

मुख्य मार्गों पर जमा पानी

भानपुरा। शनिवार देर रात को हुई बारिश के चलते घरों की बिजली गुल हो गई। झमाझम बारिश से रेवा नदी के आसपास के नालों-झरनों का पानी बहकर आने से नदी भी वेग से बह निकली। तहसील कार्यालस से प्राप्त जानकारी अनुसार नगर में रविवार सुबह तक बीते 24 घंटे में ढाई इंच बारिश दर्ज की गई। झमाझम बारिश से मुख्य सड़क व अन्य आंतरिक जर्जर सड़को के गड्ढो में पानी व कीचड़ जमा हो गया। नगर में कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त नालों का गंदा पानी बारिश के चलते सड़कों से बह निकला। इससे राहगीर परेशान हुए। कृषि विकास अधिकारी दिनेश भाना ने बताया कि पानी बोवनी लायक नहीं बरसा है। खेतों में पर्याप्त पानी आ जाने व नमी होने पर ही किसान बोवनी करें। भानपुरा से तीन किमी दूर अरावली पर्वत मालाओं की तलहटी में स्थित प्राकृतिक पर्यटन स्थल बड़ा महादेव स्थान पर झरने गिरने लगे हैं। यहां स्थित रजना जलाशय में पानी जमा हुआ है। नागरमाता के समीप स्थित साता तलाई में भी करीब एक फीट पानी बढ़ गया है।

अच्छी बरसात हुई

सीतामऊ। रात में हुई बारिश के बाद किसान बोवनी की तैयारी में जुट गए। हालांकि कृषि विभाग पर्याप्त बारिश के लिए इंतजार करने की सलाह दे रहा है।

सोमली नदी उफनी

दलौदा। शनिवार आधी रात के बाद दलौदा तहसील के आस-पास के ग्रामों में हुई मूसलाधार बारिश से सोमली नदी उफान पर आ गई। करजू, कटलार, सेमलिया, निम्बोद, भावगढ़, सरसौद, दलौदा आदि ग्रामों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे कई पेड़ गिर गए। कई जगह बिजली के पोल भी नीचे गिर गए। बारिश से किसानों को राहत मिली है।

बोलिया में झमाझम

बोलिया। नगर व आसपास के क्षेत्र में शनिवार को शाम के बाद रात्रि 12 बजे से तेज बारिश शुरू हुई। जो 1 घंटे तक जारी रही। बारिश से कंठाली नदी, करीम सागर, बापू सागर में पानी बढ़ गया