कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह की मंगलवार रात शादी हुई। जयवर्धन का विवाह बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले स्थित डुमरिया के पूर्व राजा रणविजय शाही की पोती सृजाम्या शाही से हुआ। बरातियों में यूपी के बाहुबली नेता राजा भैया, कांग्रेसी सांसद कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के अलावा कुछ अन्य नेता शामिल हुए। हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी या कोई टॉप कांग्रेसी लीडर शादी में नजर नहीं आया।ज्यादातर परिवार के लोग और करीबी मित्र ही मौजूद रहे। संभव है, 22 तारीख को होटल अशोका में होने वाले रिसेप्‍शन में ये नेता शामिल होंगे।
शादी दिल्ली के दक्षिण पश्चिमी जिले स्थित कस्बे कापसहेड़ा के कृष्णा फार्म हाउस में हुई। खाने-पीने और संगीत के लिए कई टेंट लगवाए गए थे। महिलाओं के लिए अलग से व्यवस्था थी। सजावट शाही लुक में की गई थी। मेहमानों को लिए वेज और नॉनवेज, दोनों तरह के खाने का इंतजाम था। संगीत के लिए राजस्थान के जालौर की अनवर एंड पार्टी को बुलाया गया था।
दिग्विजय के बेटे जयवर्धन एमपी के राघोगढ़ से विधायक हैं। वहीं, सृजाम्या सीए की पढ़ाई कर रही हैं। सृजाम्या के दादा रणविजय शाही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी के नेता हैं। वे दो बार विधायक और बिहार के शिक्षा भी मंत्री रहे हैं। वहीं, दिग्विजय सिंह की नानी बिहार की ही थीं।