कारोबार ताजा खबर

एचएसबीसी में भारतीयों के खातों में 4,479 करोड़

स्विस बैंकों में जमा धन के बारे में पहला बड़ा खुलासा करते हुए सरकार ने शुक्रवार को कहा कि एचएसबीसी की सूची में शामिल भारतीयों के खातों में 4,479  करोड़ रुपये जमा हैं और आयकर विभाग ने इनमें से 79  खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।इसके अलावा कर विभाग तथा प्रवर्तन निदेशालय सहित अन्य एजेंसियां देश के भीतर कुल मिलाकर 14,957.95 करोड़ रुपये की अघोषित संपति से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही हैं। जहां तक विदेशों में संदिग्ध काले धन का मामला है,  उक्त खुलासा उन 628  भारतीयों से जुड़ा है जिनके नाम एचएसबीसी की जिनीवा शाखा के खाताधारकों की सूची में सामने आए थे। भारत को यह सूची फ्रांस की सरकार से मिली थी।काले धन के मामलों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी)  ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपनी रपट में उक्त खुलासा किया है। इसके अनुसार उक्त सूची में शामिल 289  खातों में कोई शेष राशि नहीं मिली। काले धन पर एसआईटी की दूसरी रिपोर्ट का प्रासंगिक हिस्सा जारी करते हुए एक आधिकारिक बयान में कहा गया है,  628 व्यक्तियों में से 201 या तो प्रवासी हैं  या उनका अता-पता नहीं है। इसके बाद 427 व्यक्तियों के मामले ही कार्रवाई योग्य बचते हैं।
इसके अनुसार इन मामलों से जुड़ी राशि 4,479  करोड़ रुपये है। इसमें से आयकर विभाग ने 300 से अधिक मामलों में 79  इकाइयों के खिलाफ आकलन को अंतिम रूप दे दिया है। बयान में कहा गया है कि इन व्यक्तियों से जुड़े खातों में अघोषित शेष राशि पर 2,926  करोड़ रुपये कर के रूप में लिए गए हैं। इस राशि पर तय ब्याज दर के साथ कर वसूला गया है।
इसके अनुसार, आयकर कानून, 1961  के तहत 46  मामलों में जुर्माना प्रर्किया शुरू की गई है। अब तक इस तरह के तीन मामलों में जुर्माना लगाया गया है। अन्य मामलों में प्रर्किया लंबित है। बयान में हालांकि,  खाताधारकों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। छह मामलों में जानबूझकर कर चोरी के प्रयास का अभियोजन शुरू किया गया है जबकि दस अन्य को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
इसमें कहा गया है कि अन्य मामलों में,  जरूरी कार्रवाई तेज की जा रही है और आने वाले महीनों में अच्छी-खासी प्रगति अपेक्षित है। इससे पहले वित्तमंत्री अरुण जेटली ने यहां एक कार्य्रकम में कहा कि एचएसबीसी की सूची से जुड़े मामलों में कार्रवाई 31 मार्च 2015 तक पूरी कर ली जाएगी।

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।