नई दिल्ली, भारत सिंह। मुल्तान के सुल्तान, नजफगढ़ के नवाब, वीरू जैसे उपनामों से पहचाने जाने वाले विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का आज जन्मदिन है। सहवाग पहले अपने विस्फोटक अंदाज से दुनिया भर के गेंदबाजों को थर्राते थे और अब अपनी कमेंटरी से दर्शकों को उतना ही रोमांचित करते हैं। वह जीरो पर रहे हों या 99 रनों पर उनके खेल का अंदाज कभी नहीं बदला।sehwag

अगर सहवाग कुछ और समय भारत के लिए खेलते तो वनडे क्रिकेट के आंकड़े कुछ और होते। सचिन को अपना गुरु मानने वाले सहवाग कई मौकों पर खामोशी के साथ सचिन से बेहतर खेल दिखा गए, पर कभी इसका ढिंढोरा नहीं पीटा। आइए आपको बताते हैं भारत का यह अद्भुत बल्लेबाज क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से किन-किन मौकों पर अव्वल ठहरता है-

1- सहवाग ने 2001 में अपने पहले ही टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ शतक जड़ा था। छह नंबर पर बैटिंग करने आए सहवाग ने भारत को 68 रन पर चार विकेट के संकट से निकाला और 105 रन बनाए। सचिन ने अपने पहले मैच में 15 रन बनाए थे।

2- 2004 में सहवाग ने पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान टेस्ट मैच में भारत की ओर से पहला तिहरा शतक लगाया। उन्होंने किसी भी भारतीय के टेस्ट में बेस्ट स्कोर के मामले में वीवीएस लक्ष्मण के 281 रनों को पीछे छोड़ा। भारत 15 सालों बाद पाक में कोई मैच खेल रहा था और सहवाग के 309 रनों ने इसे यादगार बना दिया।

3- 2008 में सहवाग ने टेस्ट क्रिकेट में दूसरी बार तिहरा शतक लगाया और अपने बेस्ट स्कोर में सुधार करते हुए इसे 319 किया। दुनिया में केवल चार बल्लेबाज टेस्ट मैचों में तिहरा शतक लगा सके हैं- डोनाल्ड ब्रैडमैन, ब्रायन लारा, क्रिस गेल और वीरेंद्र सहवाग।

4- सचिन कभी भी टेस्ट मैचों में तिहरा शतक नहीं लगा सके। उनका टेस्ट में बेस्ट स्कोर 248 नाबाद है। सचिन और सहवाग दोनों ने टेस्ट में छह बार दोहरा शतक लगाया है। इस मामले में दोनों के बीच मुकाबला बराबरी परर छूटता है।

5- सहवाग ने 2009 में न्यूजीलैंड के खिलफ खेलते हुए भारत की ओर से सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने यह कारनामा 60 गेदों में किया। सचिन ने सबसे तेज वनडे शतक 1998 में जिंब्बाब्वे के खिलाफ 71 गेंदों में बनाया था। सहवाग का रिकॉर्ड 2013 में विराट कोहली ने तोड़ा जब उन्होंने 52 गेंदों में शतक बनाया।

6- सचिन तेंदुलकर 200 रन बनाकर वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर बने थे, पर उनके शिष्य सहवाग यहां भी उनसे पीछे नहीं रहे। उन्होंने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 149 गेंदों में 219 रन बनाकर उन्हें पीछे छोड़ा। बाद में सहवाग का रिकॉर्ड रोहित शर्मा ने 264 रन बनाकर तोड़ा।

7- वनडे मैचों में सबसे अच्छा स्ट्राइक रेट (कम से कम 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों में) रखने वालों में सहवाग का नाम पांचवें नंबर पर है। उन्होंने 104.33 के रेट से 8373 रन बनाए हैं। सचिन का स्ट्राइक रेट 86.23 रहा है।

8- टी20 मैचों में भी बेस्ट स्ट्राइक रेट के मामले में सहवाग पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने 145.38 के रेट से 394 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में सचिन का स्ट्राइक रेट 83.33 है।

9- सिर्फ वनडे या टी20 में ही नहीं, टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वालों में सहवाग का नाम शाहिद आफरीदी के बाद दूसरे नंबर पर है। यहां उन्होंने 82.23 के रेट से रन बनाए। ध्यान देने योग्य बात यह है कि शाहिद ने 86.97 के रेट से केवल 1716 रन ही बनाए, जबकि सहवाग के 8586 टेस्ट रन हैं।

10- 2002-03 में भारत ने न्यूजीलैंड के दौरे पर टेस्ट सीरीज 2-0 और वनडे सीरीज 5-2 के अंतर से हारी थी। इस मौके पर केवल सहवाग ही कीवी गेंदबाजों के सामने टिक सके। उन्होंने एक मैच में 119 गेंदों में 108
रन और दूसरे मैच में 139 गेंदों में 112 रनों की पारी खेली। भारतीय बल्लेबाजी के लिए कब्रगाह बने इस दौरे पर पर वह सचिन से बेहतर रहे थे।