मंदसौर। कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह ने सीतामऊ जनपद पंचायत क्षेत्र में मनरेगा के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले 9 उपयंत्रियों को 1-1 हजार रुपए का अर्थदंड दिया है। यह जुर्माना मनरेगा की योजना में लापरवाही बरतने पर किया गया है। कलेक्टर ने अपने आदेश में जुर्माने का उल्लेख सेवा पुस्तिका में भी करने को कहा है।

शुक्रवार शाम को जारी आदेश में कलेक्टर ने बतायाकि 18 जनवरी को जपं सीतामऊ की समीक्षा बैठक में मनरेगा व अन्य योजनाओं में दिसंबर 15 की प्रगति की समीक्षा की गई थी। समीक्षा में लक्ष्य में विरुद्घ प्रगति काफी न्यूनतम पाई गई थी। मनरेगा योजना के तहत उपयंत्रीवार समीक्षा करने पर जपं सीतामऊ में लेबर बजट अनुरूप 8.14 लाख मानव दिवस का लक्ष्य दिया गया था जबकि अभी तक केवल 3.78 लाख मानव दिवस का सृजन किया गया। यह लक्ष्य का केवल 46 प्रश था। इसी प्रकार जनवरी 16 तक 6.16 लाख मानव दिवस के लक्ष्य के विरुद्घ भी 3.78 लाख मानव दिवस का ही सृजन किया गया है। मनरेगा पोर्टल पर भी प्रविष्टियां नगण्य हैं।

उच्च अधिकारियों द्वारा निर्देशित करने के बाद भी बार-बार मनरेगा के बजट के लक्ष्यों की पूर्ति नहीं करने व निर्देशों की अवहेलना के आरोप में सभी नौ उपयंत्रियों पर कार्रवाई की गई है। दंडित होने वाले उपयंत्रियों में विजय कुमार दुबे, प्रमोद कुमार त्रिपाठी, जेपी आर्य, मनीष त्रिवेदी, अरविंद जोशी, रूपेश सोनगरा, पुष्पेंद्र राजोरिया, विकास तिवारी, राकेश धनोतिया शामिल हैं।