सारंगपुर के पास स्कार्पियो और बस की टक्कर, 8 की मौत
राजगढ़। सारंगपुर नगर के समीप नेशनल हाईवे नंबर 3 पर शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में लखनऊ के समीप प्रतापगढ़ निवासी एक ही परिवार के 7 लोगों की मौके पर मौत हो गई और एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मरने वालों में वाहन चालक भी शामिल है। हादसे में लखनऊ निवासी एक परिवार अपने स्कॉर्पियों वाहन से मुंबई से प्रतापगढ़ लौट रहा था।
उसी दौरान इंदौर की ओर जा रही कमला ट्रेवल्स की यात्री बस से वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। स्कॉर्पियों में कुल 8 लोग सवार थे। हादसे में बचे गंभीर घायल अहमद नाम के व्यक्ति को इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियों वाहन क्रमांक एमएच- 04 एफआर 2926 से लखनऊ की ओर लौट रहे परिवार का वाहन बस क्रमांक एमपी 08- एच 9971 से टकरा गया।
मरने वालों में स्कॉर्पियों वाहन में सवार महफूज खां पिता अतीक खान उम्र 70, शफदर पिता महफूज खां 35 वर्ष, हैदर नजीब पिता महफूज खां उम्र 33 वर्ष, अकबरी बेगम पति महफूज खां, हुस्ना बी पति जरार अहमद 45 वर्ष, मरियम पिता जरार अहमद 10 वर्ष सहित वाहन का चालक युसुफ पिता युमरा बेग उम्र 38 वर्ष शामिल है। वहीं परिवार में शामिल अहमद पिता नासिर को हाथ, पैर में गंभीर चोटें आई थी। उन्हें इंदौर रेफर किया गया जहां उनकी भी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक ये सभी मुंबई से अपने पारिवारिक समारोह में शामिल होने मुंबई से उत्तर प्रदेश जा रहे थे।




