ब्राजील ने क्रोएशिया को हराकर किया शानदार आगाज
फुटबॉल वर्ल्ड कप-2014 के पहले मैच में ब्राजील ने क्रोएशिया को 3-1 से आसानी से धूल चटा दी। इस मैच की खास बात यह रही कि इसमें किसी भी क्रोएशियाई खिलाड़ी ने गोल नहीं दागा, लेकिन फिर भी क्रोएशिया के खाते में एक गोल दर्ज हो गया। दरअसल, वह गोल भी ब्राजील के ही खिलाड़ी मार्सेलो ने दागा था।
मैच की शुरुआत से ही ब्राजीली खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना दबदबा बनाए रखा था। छठे मिनट में ही ब्राजील को फ्री किक मिली, लेकिन ब्राजीली खिलाड़ी उसका फायदा नहीं उठा सके। खेल के 11वें मिनट में ब्राजील के डिफेंडर मार्सेलो ने अपनी ही टीम के गोल पोस्ट का रास्ता फुटबॉल को दिखा दिया। इस गोल ने क्रोएशिया को 1-0 की बढ़त दिला दी।
खेल के 15वें मिनट में ब्राजीली खिलाड़ी नेमार ने गोल का मौका गंवा दिया, जब वह गेंद को सही से कंट्रोल नहीं कर पाए। मैच के 29वें मिनट में नेमार को एक बार फिर से गोल करने का मौका मिला और इस बार उन्होंने कोई गलती नहीं की। उनके इस गोल ने स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हालांकि इस गोल के ठीक पहले ही 27वें मिनट में नेमार को इस वर्ल्ड कप का पहला येलो कार्ड भी दिखाया गया था।
ब्राजील की तरफ से दूसरा गोल भी नेमार ने ही किया, जब उन्होंने पेनल्टी किक को गोल में बदलकर मैच में अपनी टीम को बढ़त दिला दी। हालांकि क्रोएशिया के गोलकीपर प्लेडिकोसा ने गेंद को ब्लॉक करने की पूरी कोशिश की थी। ब्राजील के लिए तीसरा गोल खेल के 91वें मिनट में मिडफिल्डर ऑस्कर ने दागा। उन्होंने क्रोएशिया खिलाड़ियों को छकाते हुए शानदार मूव दिखाए और अंत में फुटबॉल को क्रोएशियाई गोलपोस्ट का रास्ता दिखा दिया।




