सिवनी। सोमवार रात चमारी गांव में सराफा व्यापारी से 20 लाख रुए लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार सुबह घेरा बंदी कर बिजना नदी से लगे जंगल से गिरफ्तार किया। अन्य 2 लुटेरों की तलाश की जा रही है। जिले की पुलिस फोर्स ने पूरे इलाके में जबरदस्त घेरा बंदी कर दी है। पुलिस की अलग अलग टुकड़िया रात से ही लुटेरों को पकड़ने सर्चिंग आपरेशन चला रही है। सुबह दो लुटेरो को पकड़ने में मिली सफलता के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फरार लुटेरों के जल्द गिरफ्त में आने की सम्भावना व्यक्त कर रहे।

जिले के छपारा थाने के चमारीगांव हाट बाजार से बोलरो सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने सोमवार की रात 8 बजे सराफा व्यापारी राजकुमार नेमा के ड्राइवर से 20 लाख रुपए लूट ले गए थे। बदमाश बंदूक की नोक से ड्राइवर को नीचे उतारा और मार्शल जीप भी अपने साथ ले गए। घटना के समय व्यापारी मंदिर में दर्शन करने गया था। घटना की जानकारी ड्राइवर ने तुरंत सराफा व्यापारी राजकुमार नेमा को दी। पुलिस को सूचना दी गई।

विधायक ने पीछा किया तो वाहन छोड़ भागे बदमाश

आदेगांव में विवाह समारोह में शामिल होने आए विधायक दिनेश राय को जैसे की सराफा व्यापारी के साथ लूट की खबर लगी तो वे तुरंत लुटेरों का पीछा करने निकल पड़े और घटना की सूचना एसपी एके पांडे को दी। विधायक जब लुटेरों का पीछा कर रहे थे तभी लुटेरों ने अपनी बोलेरो को छिंदवाह गांव के पास छोड़कर सराफा व्यापारी की मार्शल में सवार होकर फरार हो गए। विधायक दिनेश लुटेरों का लगातार पीछा कर रहे तभी लुटेरों ने केकड़ा गांव में सराफा व्यापारी की मार्शल को छोड़कर सोने- चांदी के जेवरात निकालकर जंगल में भाग गए।

33 किलो चांदी और 200 ग्राम सोने के जेवर ले गए

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी छोटेलाल राजा छपारा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छपारा थाना के आसपास नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। सराफा व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उनकी मार्शल में 33 किलो चांदी और 200 ग्राम सोने के जेवरात रखे हुए थे। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि 33 किलो चांदी में से 3 किलो चांदी गिरवी की थी।