अरविंद केजरीवाल सरकार के मंत्रियों द्वारा रैन बसेरों का जायजा लेने की खबरों के बीच शनिवार रात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भोपाल स्थित रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री को अपने साथ अलाव तापते देख रैन बसेरों में रहने वाले गदगद नजर आए। शिवराज ने इस दौरान एक दुकान पर चाय की चुस्कियां भी लीं।

मुख्यमंत्री ने करीब दो घंटे तक शहर का भ्रमण किया। सबसे पहले रात करीब पौने दस बजे वह सुल्तानिया जनाना अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के सामने फुटपाथ पर सो रहे लोगों से उन्होंने हलचाल पूछा और जिलाधिकारी को इनके लिए रैन बसेरों में व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद रात पौने 12 बजे तक उन्होंने शहर के कई रैन बसेरों का जायजा लिया।

रैन बसेरों में किए गए व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनमें साफ-सफाई और जगह की कमी है। वह आगे भी बसेरों का निरीक्षण करते रहेंगे।