ग्वालियर। ‘नईदुनिया’ की तरफ से शुरू किया गया ‘गो ग्रीन नो पॉलीथिन अभियान’ प्रशंसनीय है, क्योंकि इसके उपयोग से पशुधन को नुकसान पहुंच रहा है। जब हम इसका उपयोग बंद करेंगे तभी पशुधन के साथ हमारा किसान भी समृद्ध होगा।

यह कहना था मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का। वे शनिवार की दोपहर ग्वालियर व्यापार मेला के प्रांगण में ‘नईदुनिया की तरफ से शुरू किए गए ‘गो ग्रीन नो पॉलीथिन अभियान का शुभारंभ कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मैं भी पॉलीथिन के उपयोग के खिलाफ हैं, इसलिए कुछ दिनों के बाद इसके उपयोग पर मैं पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दूंगा। उन्होंने मंच से कागज व कपड़े से बनाए गए बैगों को दिखाते हुए सैंकड़ों की संख्या में उपस्थित लोगों को पर्यावरण बचाने की अपील की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा, महिला एवं बाल विकास मंत्री माया सिंह भी उपस्थित थीं।
नहीं करेंगे पॉलिथिन का उपयोग
कृषि महोत्सव में शामिल होने के लिए ग्वालियर चंबल संभाग के किसानों ने ‘नईदुनिया के स्टॉल पर आकर पेपर व कागज से बने बैगों के बारे में जाना। साथ ही उन्होंने पॉलिथिन का उपयोग नहीं करने का संकल्प लिया।
लोक नृत्यों ने बिखेरी छटा
कृषि महोत्सव में माधव संगीत महाविद्यालय की छात्राओं ने लोक संस्कृति से सराबोर नृत्य की प्रस्तुति दी। ‘चरखी चल रही बड़ के नीचे रस पीजा लागुरिया” लोकगीत पर छात्राओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर महोत्सव में संस्कृति की छठा बिखेरी। वहीं वीआरजी कॉलेज की छात्राओं ने ‘देश रंगीला रंगीला देश मेरा रंगीला” गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुति दी।
हर घर तक पहुंचेगा अभियान
‘गो ग्रीन नो पॉलीथिन” थीम पर यह अभियान शहर के हर वार्ड में चलाया जाएगा। यहां पार्षदों के माध्यम से वार्ड के निवासियों को पॉलीथिन के नुकसान बताकर कागज व कपड़े के बैग उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा। यह अभियान नगर निगम व जिला प्रशासन के सहयोग से चलाया जाएगा।