कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में जल्द ही बड़े फेरबदल के कयास लगाए जा रहे हैं। एक अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अपने सांसद पद से इस्तीफा दे सकती हैं। यही नहीं, कहा जा रहा है कि सोनिया के इस्तीफे से रायबरेली सीट खाली होगी, जहां होने वाले लोकसभा उप-चुनाव में उनकी बेटी प्रियंका गांधी मैदान में उतरेंगी। दिल्ली में 24, अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में इन दिनों इस तरह की चर्चाओं का दौर गर्म है।

राहुल गांधी बन सकते हैं पार्टी अध्यक्ष

न्यूज वेबसाइट ने यह दावा भी किया है कि सोनिया गांधी अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकती हैं। पार्टी के मौजूदा उपाध्यक्ष राहुल गांधी को इसी साल सितंबर में कांग्रेस का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।