बीजेपी में शामिल हुईं किरण बेदी
देश की पहली महिला आईपीएस अफसर किरण बेदी बीजेपी में शामिल हो गई है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली के पार्टी दफ्तर में इसका ऐलान किया और किरण बेदी को पार्टी में शामिल करवाया। किरण बेदी ने पार्टी की सदस्यता ऑनलाइन ली।इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि किरण बेदी के पार्टी में आने से उन्हें बेहद खुशी है।दिल्ली चुनाव में किरण बेदी का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता की अपेक्षा को पूरा करने के लिए उन्हें पार्टी का साथी बनाया है। उम्मीद है कि दिल्ली चुनाव में उनका सहयोग काम आएगा। उनके आने से पार्टी को ताकत मिलेगी। किरण बेदी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगीं लेकिन उनकी सीट का अभी फैसला नहीं हुआ है।
किरण बेदी ने इस मौके पर कहा कि मैं इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आभारी हूं। पीएम के नेतृत्व की वजह से मैं पार्टी में शामिल हुई। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का भी इसके लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व से भरोसा जागा है। मेरी 40 साल की जिंदगी देश को समर्पित रही है।
गौर हो कि किरण बेदी लंबे समय से भाजपा और नरेंद्र मोदी की हिमायती रही हैं। लोकसभा चुनाव से पहले वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में सोशल मीडिया पर मोर्चा संभाले हुए थीं। उन्होंने पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया है।




