Image result for coronavirus virus

नई दिल्ली. कोरोनावायरस के कारण अब पूरे देश में कोई भी आदमी कहीं भी ट्रैवल नहीं कर सकेगा। 19 राज्यों में पूरी तरह और 5 राज्यों में आंशिक लॉकडाउन है। पंजाब, पुड्डूचेरी और महाराष्ट्र में कर्फ्यू है। यानी इन राज्यों की सीमाएं सील हैं और ट्रेनों के साथ-साथ इंटर स्टेट बस सर्विस भी बंद है। लोग कहीं आ-जा नहीं सकते। इस बीच, केंद्र ने आदेश जारी किया है कि मंगलवार रात 12 बजे से सभी घरेलू उड़ानें बंद कर दी जाएंगी। किसी भी यात्री को अपनी मंजिल तक पहुंचना है तो वह कल आधी रात से पहले वहां पहुंच जाए। इसके बाद कोई उड़ान नहीं होगी। सरकार ने एयरलाइन कंपनियों से कह दिया है कि आपकी सभी घरेलू उड़ानें 24 मार्च को रात 11 बजकर 59 मिनट तक अपने डेस्टिनेशन पर पहुंच जानी चाहिए। इसके बाद उड़ानें नहीं चलेंगी। सिर्फ कार्गो उड़ानों को इससे छूट रहेगी। देश में हर महीने औसतन 1.3 करोड़ और सालाना 14 करोड़ यात्री घरेलू उड़ानों में सफर करते हैं। इन प्रतिबंधों का मतलब यह है कि बुधवार से देश में ट्रांसपोर्ट पूरी तरह ठप हो जाएगा।

देश के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लॉकडाउन कर दिया गया है। इन्हीं में पंजाब, महाराष्ट्र और पुड्डुचेरी भी शामिल हैं, जहां 31 मार्च तक कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। इन राज्यों की और इनके जिलों की सीमाएं सील हैं, यानी कोई व्यक्ति एक शहर से दूसरे शहर नहीं जा सकता। सभी राज्यों में लॉकडाउन की अवधि 31 मार्च तक है।