महाकाल और चारधाम मंदिर के बाहर खुले में सो रहे दो लोगों की मौत हो गई। आशंका है कि ठंड के चलते दोनों की मृत्यु हुई। हालांकि पुलिस बीमारी को कारण बता रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक भिक्षुक बताए जा रहे हैं।महाकाल पुलिस के अनुसार महाकाल मंदिर के बाहर प्याऊ के समीप 55 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला।उसकी पहचान शंकर नामक व्यक्ति के रूप में हुई। इसी तरह रुद्रसागर क्षेत्र में चारधाम मंदिर के बाहर एक अज्ञात करीब 60 वर्षीय व्यक्ति मृत पाया गया। उसकी शिनाख्त नहीं की जा सकी। जांच में पता चला है कि वह भिक्षावृत्ति करता था। दोनों ही रात को खुले में सोए थे। मृत मिले। शवों का पीएम कराया है। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्ट्या मृत्यु बीमारी की वजह से हुई।

अब तक 5 की मौत

शहर में अब तक खुले में सो रहे 5 लोगों की मौत हो चुकी है। 15 जनवरी को इंदौरगेट तथा देवासगेट क्षेत्र में दो लोगों की मृत्यु हुई थी। वहीं इससे पहले 10 जनवरी को एक शव मिला था। सभी मामलों में मौत का कारण ठंड को बताया गया। हालांकि पुलिस की जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई।