नई दिल्लीभाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव किरण बेदी के नेतृत्व लड़ेगी और किरण बेदी दिल्ली में भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार होंगी और वो कृष्णा नगर से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, संसदीय बोर्ड की बैठक यह फैसला हुआ।उन्होंने यह भी बताया कि किरण बेदी को लेकर पार्टी में किसी भी तरह का मतभेद नहीं है। किरण बेदी 15 जनवरी 2015 को भाजपा में शामिल हुईं। किरण बेदी के पार्टी में आने से सभी का हौसला बढ़ा है।भाजपा संसदीय बोर्ड ने हाल में भाजपा में शामिल हुईं पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी को सात फरवरी को होने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में संसदीय बोर्ड की बैठक में लिए गए फैसले की घोषणा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने की। शाह ने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार की कमान किरण बेदी संभालेंगी और पार्टी को पूरी उम्मीद है कि उनकी अगुवाई में भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल करेगी। शाह ने कहा कि बेदी कृष्णानगर सीट से चुनाव लडेंगी।

भाजपा अध्यक्ष ने इन खबरों को पूरी तरह से गलत बताया कि किरण बेदी को पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर किसी तरह का मतभेद है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर नेता, हर कार्यकर्ता संसदीय बोर्ड के फैसले से खुश और राजी है।

किरण बेदी को बाहरी व्यक्ति बताए जाने पर शाह ने कहा कि पार्टी में हर सदस्य किसी समय बाहरी होता है। इसलिए किरण बेदी बाहरी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आईपीएस अधिकारी के रूप में वह अपनी प्रशासनिक काबिलियत सारी दुनिया को दिखा चुकी हैं और वह भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम भी चला चुकी हैं और पार्टी को उनकी नेतृत्व क्षमता में पूरा विश्वास है, इसलिए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और अन्य उपस्थित थे। गत गुरुवार को भाजपा में शामिल हुईं बेदी ने उनके उपर विश्वास जताने के लिए पार्टी के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा, मैंने पहले ही किसी भी सीट से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा का इजहार किया है। समूची दिल्ली मेरे दिल के करीब है। हम एक अच्छी दिल्ली विकसित करेंगे।

राष्ट्रीय राजधानी में किरण बेदी के भाजपा के प्रचार अभियान का नेतृत्व करने को लेकर पार्टी में असहमति के स्वर उठने के बारे में पूछे जाने पर शाह ने कहा कि पार्टी में कोई नाराजगी नहीं है और सभी लोग भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए एक टीम की तरह मिलकर काम कर रहे हैं।

जगदीश मुखी समेत भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं ने उनसे सलाह-मशविरा किए बिना बेदी को पार्टी में शामिल किए जाने पर पहले आपत्ति जताई थी। एक अन्य नेता मनोज तिवारी ने भी अपनी नाखुशी जताई थी लेकिन दोनों नेता बाद में पार्टी लाइन के आगे झुक गए। शाह ने कहा कि भाजपा अपने सहयोगी अकाली दल के साथ मिलकर दिल्ली में चुनाव लड़ेगी।

इससे पहले भाजपा को ‘अद्भुत और संगठित’ पार्टी करार देते हुए किरण बेदी ने आज कहा कि उनके मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने की संभावना को लेकर नाराजगी की खबरें बढ़ा चढ़ाकर पेश की गई हैं। बेदी ने दावा किया कि उनके पार्टी में शामिल होने से कार्यकर्ता खुश और एकजुट हैं। उन्होंने कहा, यह सब बढ़ा चढ़ाकर पेश किया गया है। मैं अब पार्टी के भीतर हूं। वे (पार्टी कार्यकर्ता) बहुत खुश हैं। वे एकजुट हैं। एक परिवार में इधर-उधर आवाज हो सकती है। पार्टी के कार्यकर्ता खुश, उत्साहित और एकजुट हैं।