भोपाल . कांग्रेस नेत्री आरती भदौरिया ने मंत्री विजय शाह से खुद को जान का खतरा बताया है। उन्होंने कमला नगर थाने में शिकायत की है। आरती का आरोप है कि मंत्री शाह मुझे मारने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने भाजपा की पूर्व विधायक आशारानी के बेटे-भतीजे से भी जान का खतरा बताया है। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

आरती ने बताया कि 115 , रिवेरा टाउन फेस-2 में उनका घर है। 20 फरवरी को वे भिंड मेंं थीं। घर पर उनका नौकर राजू पटेल था। आरोप है कि रात साढ़े नौ बजे आशारानी के भतीजे ने उनके घर के पोर्च में घुसकर शराब पी। इसके बाद नौकर के साथ मारपीट भी की।

साली के कम होते रसूख का विवाद!
रिवेरा टाउन में आरती के घर के ठीक बगल में मंत्री विजय शाह की साली मयूरी सिंह रहती हैं। मयूरी सिंह आशारानी की बेटी हैं। दरअसल रहवासी धार्मिक स्थल को लेकर आरती सिंह के पक्ष में हैं। आरती का आरोप है कि मयूरी का रिवेरा में कम होता रसूख मंत्री पचा नहीं पा रहे हैं। ऐसे में वे ऐसे षडयंत्र रच रहे हैं। एसपी अंशुमान सिंह का कहना है कि इसकी जांच की जा रही है।