भोपाल । आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इज्तिमा का आयोजन 28 से 30 नवंबर तक ईंटखेड़ी स्थित घासीपुरा में किया जाएगा। इस वर्ष जमातियों के बैठने के लिए लगने वाले पंडाल में इजाफा किया गया है। इस साल पंडाल 45 एकड़ में लगाया जाएगा। जिसमें एक साथ 4 लाख लोग बैठ सकेंगे। पार्किंग के लिए 150 एकड़ जमीन तैयार की गई है। 70 एकड़ से ज्यादा जमीन पर खाने-पीने की दुकानें लगाई जाएंगी। पिछले साल करीब 30 एकड़ में पंडाल लगाया गया था, जिसकी क्षमता करीब 3 लाख लोगों के बैठने की थी।

इज्तिमा स्थल पर जमीन बराबर करने और पंडाल लगाने का काम जारी है। शहर व आसपास के जिलों से स्वयं सेवक आकर इज्तिमा स्थल पर काम कर रहे हैं। वजु के लिए नल व अस्थाई शौचालय बनाने का काम भी जारी है। हर साल की तरह इस साल भी इज्तिमा स्थल पर पोलिथिन प्रतिबंधित रहेगी। गुटका पाउच और बीडी-सिगरेट बेचने पर भी प्रतिबंध रहेगा। प्रतिबंधित चीजें नहीं बेचने की शर्त के साथ ही इज्तिमा स्थल पर दुकानों का आवंटन किया गया है।

फजिर की नमाज के साथ होगा आगाज

28 नवम्बर को फजिर की नमाज के साथ इज्तिमा का आगाज होगा। दिल्ली स्थित तब्लीगी जमात के मरकज(मुख्यालय) से आए उलेमा तीन दिन तक तकरीर करेंगे। इज्तिमा में देश-विदेश की जमातें हिस्सा लेंगी। इज्तिमा का समापन सामूहिक दुआ के साथ होगा। इसमें करीब 10 लाख लोगों के हिस्सा लेने की संभावना है।

निकाह के रजिस्ट्रेशन शुरू

इज्तिमा के दूसरे दिन 29 नवम्बर को असिर की नमाज के बाद सामूहिक निकाह होंगे। तब्लीगी जमात के प्रमुख मौलाना साद साहब निकाह करवाएंगे। इसके लिए दारूल कजा में रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। इस साल इज्तिमा में करीब 400 निकाह होने की संभावना है।

इज्तिमा की तैयारियां जारी हैं। इज्तिमा कमेटी को शासन के कई विभाग काम में जुटे हैं। जमातियों की हर सहूलियत का ख्याल रखते हुए इंतेजाम किए जा रहे हैं।