अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन की पत्नी नैंसी रीगन का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वह 94 साल की थीं। सहयोगी एलिसन बोरियो के मुताबिक, पूर्व प्रथम महिला नैंसी ने रविवार को अपने निवास पर अंतिम सांस ली। नैंसी ने पति रोनाल्ड रीगन के अभिनेता से राष्ट्रपति तक के सफर में उनकी सलाहकार और संरक्षक की भूमिका निभाई। पति की अल्झाइमर बीमारी से 10 साल के संघर्ष के दौरान भी वह उनकी सेवा में जुटी रहीं।

2004 में रोनाल्ड रीगन की मौत के बाद नैंसी ने पति की विरासत को सहेजने में समय बिताया। प्रथम महिला के रूप में उनका सबसे चर्चित अभियान था “जस्ट से नो”। इससे उन्होंने बच्चों और किशोरों को ड्रग्स से दूर रखने में मदद की। उन्होंने अल्झाइमर के मरीजों के समर्थन के लिए भी काम किया।

इस बीमारी पर शोध के लिए लाखों डॉलर जुटाए। साथ ही बीमारी के इलाज के लिए कंजरवेटिव रिपब्लिकन सदस्यों को स्टेम सेल अध्ययन का पक्ष लेने को कहा। व्हाइट हाउस के बाद की उनकी दृढ़ता वाली इस भूमिका ने बतौर प्रथम महिला लेकर उनके प्रति बनी लोगों की धारणाओं को बदलने में मदद की।