ताजा खबर भोपाल मध्यप्रदेश

कहीं देखा है ऐसा मैनेजमेंट, 14 लाख लोग एक पंडाल के नीचे

भोपाल। आलमी तब्लीगी इज्तिमा में दुनियाभर से करीब 14 लाख लोग इन दिनों भोपाल आए हुए हैं। बैरसिया रोड पर इज्तिमा स्थल बनाया गया है, पर आप इनके मैनेजमेंट को देखकर हैरान रह जाएंगे। लोगों को इज्तिमा स्थल तक ले जाना, गाडि़यों की पार्किंग, खान-पान, ठहरने वगैरह के इंतजाम को लेकर इसका मैनेजमेंट काफी अलग है। यहां हर जिम्मेदारी वालंटियर खुद निभाते हैं। वे अलग-अलग शिफ्ट में खिदमत करते हैं। इसकी एक मिसाल शनिवार को भी दिखी, जब लाखों की भीड़ स्टेशन से इज्तिमा स्थल पहुंची, लेकिन कहीं जरा भी अव्यवस्था नहीं दिखी। आइए जानते हैं…कैसे संभाले जाते हैं इज्तिमा के इंतजाम…

इज्तिमा के लिए 180 एकड़ में 19 पार्किंग जोन बनाए गए हैं, जिनकी जिम्मेदारी 1500 वॉलेंटियर पर है। गाडि़यां आने पर पार्किंग के लिए तैनात वालंटियर गाडि़यों के नंबर देखकर अथवा चालक से पूछकर उन्हें उस पार्किंग में भेज देते हैं, ताकि असुविधा न हो। हर रूट के लिए पार्किंग की प्लानिंग की है। ये सेवा 24 घंटे के लिए है।
पानी का इंतजाम के लिए यहां आस-पास के 27 ट्यूबवेलों से पाइप लाइन बिछाई गई है। इसी प्रकार पानी को जमा करने के लिए 350 टंकियां हैं, इसमें से नगर निगम की कुछ टंकियां 4 हजार लीटर की हैं, जबकि कुछ टंकियां इज्तिमा कमेटी की हैं। जो 5 हजार और 7 हजार लीटर की टंकियां हैं, यहां वजू और पीने के लिए पानी के इंतजाम हैं। 8000 लीटर की पानी की टंकी में सिर्फ गरम पानी रहता है। 
    इज्तिमा स्थल के चारों तरफ फूड जोन बनाए गए हैं। यहां चाय-नाश्ते की 265 होटल हैं। इसी तरह छोटे और बड़े 53 फूड जोन अलग हैं। जहां 20 से 40 रुपए में भरपेट खाना मिलता है। इसी तरह 3 रुपए में चाय और 10 रुपए में नाश्ते का इंतजाम जमातियों के लिए रहता है। खाना पकाने के लिए यहां 500 से ज्यादा बावर्ची रहेंगे, जबकि हर जोन में लगभग 200 खिदमतगार रहेंगे, जो खाना परोसेंगे। खाने के लिए पहले टोकन लेना होगा। 

 

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।