रांची। झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के कालापहाड़ इलाके में नक्सलियों ने बारुदी सुरंग विस्फोट से पुलिस की गाड़ी उड़ा दी। इसमें सात जवान शहीद हो गए, जबकि छह घायल हैं। हालांकि हताहतों की असल संख्या के बारे में अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।
घटना कसियार के पास हुई। हमले के शिकार जवान हुसैनाबाद थाने में तैनात थे और नक्सलियों के खिलाफ अभियान से लौट रहे थे। हमले के वक्त वैन में 15 जवान थे। इस इलाके में माओवादियों से दो दिन से मुठभेड़ चल रही थी। उधर, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया है। इन पर झीरम घाटी में कांग्रेस की वर्ष 2013 में परिवर्तन यात्रा पर हमले में शामिल होने का आरोप है।
उल्लेखनीय है कि पिछला साल नक्सल हमलों को लेकर काफी शांत साबित हुआ था क्योंकि प्रदेश में इस साल पुलिस थानों पर कोई नक्सली हमला नहीं हुआ था। वहीं, पुलिस की किताब में भी दावा किया गया था कि 2015 में प्रदेश के किसी भी कोने में नक्सली \’जनता कोर्ट\’ नहीं लगा पाए थे।
किताब में दावा किया गया था कि 2011, 2012, 2013 और 2014 में नक्सलियों ने क्रमश: 6, 8, चार और चार बार पुलिस थानों/पिकटों पर हमला किया था, लेकिन 2015 में ऐसा कोई हमला नहीं हुआ था।