- Homepage
- हिमाचल प्रदेश
- भाजपा की चले तो सरकारी स्कूलों को बना दे संघ की शाखाएं : वीरभद्र
भाजपा की चले तो सरकारी स्कूलों को बना दे संघ की शाखाएं : वीरभद्र

राजगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा पूर्व कांग्रेस व यूपीए सरकार ने हिमाचल प्रदेश में हजारों स्कूल, कॉलेज व मेडिकल कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थान खोले थे। लेकिन प्रदेश सरकार इन्हें बंद करने पर तुली है। प्रदेश सरकार का वश चले, तो वह सरकारी स्कूलों को बंद कर यहां पर आरएसएस की शाखाएं स्थापित कर दे। वीरभद्र सिंह सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के तहत राजगढ़ में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वीरभद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जुमलेबाज बताते हुए कहा मोदी ने चुनाव से पहले देश की जनता से कई वादे किए थे कि यह कर देंगे, वह कर देंगे, शुक्र है मोदी ने यह नहीं कहा कि वह भारत को तारामंडल पर पहुंचा देंगे।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि बड़े-बड़े वादों को करना तो आसान होता है। मगर उन्हें पूरा करना बहुत मुश्किल होता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समय कैसे बीत जाता है, इस बात का पता नहीं चलता। मोदी जैसे कल ही प्रधानमंत्री बने थे और अब ऐसा लग रहा है कि जल्द ही मोदी सत्ता से बाहर जाने वाले हैं। इसके लिए प्रदेश के लोगों को चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताना है।
पंडित सुखराम पर तंज कसते हुए कहा सुखराम पहले कांग्रेस में थे, फिर उन्होंने अपनी पार्टी हिविकां बनाई, फिर भाजपा में चले गए अब दोबारा कांग्रेस में आए हैं। तो कांग्रेस में उनका स्वागत है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर जिला सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित न करने का भी आरोप लगाया। इस मौके पर वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल के पक्ष में वोट करने की अपील भी की। इससे पहले पूर्व मंत्री जीआर मुसाफिर व कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल ने भी जनसभा को संबोधित किया।



