देवास विधानसभा चुनाव : शुरुआती दौर में धीमा मतदान
देवास। देवास विधानसभा उप-चुनाव के लिये मतदान सुबह 7 से शुरू हो गया है। मतदान शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के पहले सुबह 6 बजे मतदान-केन्द्र पर मॉकपोल कराया गया। इस दौरान उम्मीदवार या उनके एजेंट तथा अधिकारी उपस्थित रहे ।देवास में 4 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं।
उत्कृष्ट विद्यालय में हमेशा की तरह आज भी पहले अपने मताधिकार का इस्तमाल करने मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग पहुंच रहे हैं। 9 बजे तक 14 प्रतिशत मतदान हुआ है। कई मतदान केन्द्रों पर भीड़ नही है। इक्का दुक्का लोग ही पहुंच रहे हैं। मतदाताओं में उत्साह नदारद है।
विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी है। पुलिस और होमगार्ड के अलावा सीएपीएफ कंपनी चुनाव क्षेत्र में सुरक्षा के लिये तैनात की गयी हैं। आने-जाने वाले वाहन की तलाशी ली जा रही है। निर्वाचन क्षेत्रों को अन्य जिलों से जोड़ने वाली सीमा की नाकाबंदी कर दी गयी है। मतदान समाप्ति तक शुष्क दिवस घोषित किया गया है।
दोनों निर्वाचन क्षेत्र के मतदान-केन्द्र के लिये नियुक्त मतदान-दल को सामग्री का वितरण कर रवाना कर दिया गया है। मतदान-दल रात्रि विश्राम मतदान-केन्द्र पर ही करेंगे।
देवास विधानसभा उप-चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की गायत्री राजे पवार, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जय प्रकाश शास्त्री के बीच मुख्य मुकाबला बताया जा रहा है।
देवास विधानसभा उप-चुनाव के लिये 2 लाख 42 हजार 864 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें एक लाख 26 हजार 231 पुरुष, एक लाख 16 हजार 626 महिला तथा 7 अन्य मतदाता हैं।
देवास उप-चुनाव के लिये 303 मतदान-केन्द्र पर वोट डाले जायेंगे। इनमें शहरी 252 और 51 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। क्रिटिकल मतदान-केन्द्र की संख्या 121 है। देवास में 364 ईव्हीएम पर वोट डाले जायेंगे। ईव्हीएम पर उम्मीदवार के छायाचित्र के अलावा नोटा का भी चिन्ह पहली बार चस्पा किया गया है।
मतदान-केन्द्र पर भी सुरक्षाकर्मी की तैनाती की गयी है। पुलिस अधिकारी और सुरक्षा अमला लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है। इसके अलावा जिलों में बने कंट्रोल-रूम द्वारा भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। क्रिटिकल मतदान-केन्द्रों के लिये सुरक्षा का विशेष अमला तैनात किया गया है। जिला प्रशासन ने भी विशेष पुलिस अधिकारी तैनात किये हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं।
राज्य शासन ने देवास विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उप चुनाव के मतदान के दिन आज सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।




