ताजा खबर देश

देवयानी स्वदेश लौटीं, विदेश मंत्रालय में संभालेंगी काम

अमेरिका में वीजा धोखाधड़ी से जुड़े आरोपों का सामना कर रही सीनियर भारतीय डिप्‍लोमेट देवयानी खोबरागड़े भारत लौट आई हैं. देवयानी शुक्रवार रात पौने 11 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरीं. देवयानी को लेने उनके पिता एयरपोर्ट पर पहुंचे थे.अमेरिका ने देवयानी को डिप्लोमेटिक इम्यूनिटी को मंज़ूरी दी है. अमेरिका से जी-वन वीजा मिलने के बाद देवयानी दिल्ली पहुंची हैं, लेकिन अमेरिका में देवयानी पर मुकदमा चलता रहेगा. डिप्लोमेटिक इम्यूनिटी मिलते ही विदेश मंत्रालय में देवयानी का ट्रांसफर किया गया है. वे शनिवार से ही विदेश मंत्रालय में कामकाज संभाल लेंगी.

दिल्ली पहुंचने के बाद जब देवयानी से पत्रकारों ने सवाल किए, तो उन्होंने सिर्फ ‘नो कमेंट’ कहा. उनके पिता उत्तम खोबरागड़े का कहना है कि देवयानी अपनी लडा़ई लड़ती रहेंगी.

दिल्‍ली एयरपोर्ट देवयानी खोबरागड़े का उनके परिजनों से भावुक मिलन हुआ. देवयानी के पिता ने कहा कि देवयानी को लेकर यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रात करीब पौने दस बजे आई. वे 10 बजकर 40 मिनट पर टर्मिनल से बाहर आईं. उन्होंने कहा कि वे अवसाद का शिकार नहीं है. वे ठीक है.

देवयानी के हवाई अड्डे पर उतरने पर विदेश मंत्रालय के कुछ अधिकारी भी मौजूद थे. उत्तम खोबरागड़े ने कहा कि वे उनकी बेटी के समर्थन के लिए सभी के आभारी हैं.

अमेरिकी अटार्नी प्रीत भराड़ा ने डिस्ट्रिक्ट जज शीरा श्वेइनडलिन को लिखे पत्र में कहा कि मैनहाटन में एक फेडरल ग्रांड ज्यूरी ने कहा है कि देवयानी के खिलाफ आरोप बने रहेंगे और अगर वे राजनयिक छूट के बगैर अमेरिका आती हैं, तो उन्हें सुनवाई का सामना करना होगा. दो बच्चों की मां देवयानी की न्यूयार्क में गिरफ्तारी और फिर कपड़े उतारकर तलाशी का भारत में काफी विरोध हुआ है.

गौरतलब है कि साल 1999 बैच की आईएफएस अधिकारी देवयानी को बीते 12 दिसंबर को अपनी नौकरानी के वीजा आवेदन में झूठी जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. उन्हें ढाई लाख डॉलर के मुचलके पर रिहा किया गया.

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।