झाबुआ । पेटलावद हादसे के दोषी राजेंद्र कांसवा पर पूर्व सांसद कांतिलाल भूरिया का वरद हस्त था। उसे लाइसेंस भूरिया ने ही दिलाया था। एक सड़क छाप आदमी करोड़पति बन गया। ये गंभीर आरोप भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान ने मंगलवार को झाबुआ में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में लगाए।

मीडिया से बातचीत में भी नंदकुमारसिंह चौहान ने कांग्रेस को कांसवा का मददगार बताया। ये पूछे जाने पर कि जब कांग्रेस लगातार कांसवा की गिरफ्तारी की मांग कर रही है, भाजपा ने अभी तक इस बात पर जोर नहीं दिया। श्री चौहान ने जवाब दिया, हम पूरी ताकत से ये बात कह रहे हैं कि कांसवा को फौरन गिरफ्तार किया जाना चाहिए। वीभत्स कांड और कई लोगों की मौत के जिम्मेदार को कानून की पकड़ में आना जरूरी है।
अनर्गल आरोप
आरोप के जवाब में कांतिलाल भूरिया ने कहा- पहले ही साफ हो चुका है कि कांसवा भाजपा और संघ के लोगों का करीबी है। सब जानते हैं, कांसवा को किसका वरदहस्त था। वह भाजपा के व्यापारी प्रकोष्ठ का पदाधिकारी था। भाजपा और संघ के दबाव में उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही। उन्हें डर है कि अगर वो पकड़ाया तो उनके पाप सामने आ जाएंगे। कांग्रेस ने तो उसे पकड़ने की मांग को लेकर जंगी प्रदर्शन किया। आरोप पूरी तरह से अनर्गल है। हमारी मांग है, उसे तत्काल गिरफ्तार करो और 302 का मामला दर्ज करो। चौहान के अनर्गल आरोप का कांग्रेस विरोध करेगी।
कांसवा को मिले फांसी
पेटलावद में कार्यकर्ता सम्मेलन में श्री चौहान ने कहा कि राजेंद्र कांसवा को फांसी दी जाना चाहिए। उसने जो कृत्य किया है वह माफी लायक नहीं है। प्रशासन अपनी ओर से पूरा प्रयास कर रहा है, किन्तु कांग्रेस इस पर राजनिति कर रही है। वह संघ जैसी संस्था को बदनाम कर रही है। पंजाब का फोटो पेटलावद का बताकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री इतने अधिक संवेदनशील हैं कि हादसे के बाद तुरंत पेटलावद आ गए थे। लोगों से सड़क पर बैठकर चर्चा की और हर पीड़ित परिवार तक पहुंचे।
 हेलीपेड पर कार्यक्रम के लिए आए स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि मप्र में डेंगू से एक भी मौत नहीं हुई है। साथ ही झाबुआ जिले में भी जो शिकायतें आ रही हैं, उनके सैंपल की जांच करवाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग पूर्ण रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। कार्यक्रम में इंदौर विधायक रमेश मेंदोला, विधायक निर्मला भूरिया, आदि सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रदेश अध्यक्ष के साथ आए स्वास्थ्य मंत्री बिना कुछ किए-कहे लौट गए
इसके पूर्व झाबुआ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री चौहान के साथ स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। कार्यकर्ता सम्मेलन को सिर्फ चौहान ने संबोधित किया। मंत्री श्री मिश्रा कार्यक्रम में अपनी हिस्सेदारी सिर्फ कुर्सी पर बैठे दिखाई देने से ज्यादा नहीं की। स्वास्थ्य विभाग की बैठक भी उन्हें सर्किट हाउस पर लेना थी, लेकिन नहीं गए।