मैनपुरी। दादरी के बाद अब यूपी के मैनपुरी में गौवध पर तनाव है। जिले के करहल में शुक्रवार को गोकशी की घटना के बाद उपद्रव भड़क गया था। सैकड़ों आक्रोशित लोगों ने दो गोकशों को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। अपुष्टि सूत्रों के मुताबिक, चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस पर दो बार हमला बोला, पथराव किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस और प्रशासन के वाहनों में तोड़फोड़ के साथ तीन वाहनों में आग लगा दी। इसके बाद अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिष्ठानों को निशाने पर लिया। पांच घंटे तक तांडव के दौरान पुलिस ने फायरिंग की तो भीड़ ने भी जवाब में गोलियां चलाईं।

आखिर मौके पर पहुंचीं डीआइजी और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह स्थिति काबू में की। पुलिस ने इस मामले में 25 नामजद और 250 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सीओ सुनील कुमार को निलांबित कर दिया गया। करहल कस्बा निवासी रवींद्र की गाय की खाल उतारते सुबह आठ बजे गांव मुहम्मदपुर मार्ग स्थित रजवाहा पर कुछ लोगों को देखा। इससे आक्रोश भड़क गया।

सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए और दो गोकशों लल्ला पुत्र रफीक और शफीक पुत्र 1 शेष पृष्ठ 16 पर1हबीब को दबोच लिया। उन्हें पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। उनके तीन साथी भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को किसी तरह छुड़ाकर अपनी सुरक्षा में ले लिया। इससे भीड़ और आक्रोशित हो उठी। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

इस बीच करहल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने पथराव कर दौड़ा दिया। पुलिस की दो जीप और एक बाइक कब्जाकर सूखी नहर में फेंककर आग के हवाले कर दी। इस बीच अपर पुलिस अधीक्षक एसएस सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो फिर भीड़ ने पथराव किया।

स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने फायरिंग की तो लोगों ने भी गोलियां चलाईं। दिन के दस बजते-बजते बवाल और बढ़ गया। गाय का शव कब्जे में कर लोगों ने किशनी चौराहे पर जाम लगा दिया। आक्रोश देख पुलिस की हिम्मत पास जाने की नहीं हुई। इसके बाद जैन इंटर कॉलेज के निकट स्थित बिल्लू मिस्त्री की दुकान में आग लगा दी। सब्जी मंडी में फारूखी, कयूम तथा कई अन्य बंद दुकानों में आग लगा दी।