मंदसौर। नवरात्रि के दौरान शहर में धार्मिक गतिविधिया जोरों पर हैं। रविवार को भक्तों पर माता की भक्ति सिर चढ़कर बोल रही थी। शहर से नालछा माता मंदिर तक दो चुनरी व एक ध्वजा यात्रा निकली। माता मंदिर का पूरा मार्ग जयकारों से गूंज उठा। खानपुरा सार्वजनिक नवयुवक गरबा मंडल द्वारा 301 फीट लंबी चुनरी व 21 फीट ऊंची ध्वजा यात्रा, गांधी चौराहा से महावीर फतेहकरे सेवा संस्था द्वारा 251 फीट की चुनरी यात्रा एवं बड़ा चौक से भक्तों द्वारा ध्वजा यात्रा निकाली गई। सभी यात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए नालछा माता मंदिर पहुंची। भक्तों ने यहां मां की पूजा-अर्चना कर ध्वजा व चुनरी चढ़ाई। इधर गरबा पंडालों में विभिन्न तरह के गरबे लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

माता को चढ़ाई 301 फीट की चुनरी

खानपुरा से सार्वजनिक नवयुवक गरबा मंडल द्वारा रविवार को चुनरी व ध्वजा यात्रा निकाली गई। भक्त 301 फीट की विशाल चुनरी लिए चल रहे थे। यात्रा खानपुरा, पशुपतिनाथ मंदिर होते हुए आस्था के केंद्र नालछा माता मंदिर पहुंची। भक्तों ने नालछा माता का श्रंगार कर 301 फीट चुनरी और 21 फीट की ध्वजा चढ़ाई। युवतियों ने पूरे रास्ते गरबा नृत्य भी किया। चुनरी यात्रा में सुषमा आर्य, तरुण खिंची, राजू वर्मा, गरबा मंडल के मनीष मारू, रूपनारायण सत्यवासी, हेमंत जयसवार सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।

201 महिलाएं चलीं कलश लेकर

नवरात्रि पर्व के तहत महावीर फतेह करे सेवा संस्था बालाजी ग्रुप द्वारा रविवार को गांधी चौराहा स्थित विश्वपति शिवालय से सुबह 8.30 बजे चुनरी एवं कलश यात्रा निकाली गई। ग्रुप द्वारा 251 फीट लंबी चुनरी यात्रा निकाली एवं कलश यात्रा में 201 महिलाएं कलश लिए चल रही थीं। 21 ढोल व बैंड-बाजों के साथ माता के भजनों पर नृत्य करते हुए युवा यात्रा में आगे चल रहे थे। यात्रा गांधी चौराहा, बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, आजाद चौक, पशुपतिनाथ मार्ग होते हुए नालछा माता मंदिर पहुंची। यहां भक्तों ने माता की आरती कर चुनरी चढ़ाई।

51 किलो केले का भोग लगाया

जय माता दी ग्रुप बड़ा चौक द्वारा रविवार को ध्वजा यात्रा निकाली गई। ग्रुप द्वारा हर वर्ष दोनों नवरात्रि में रविवार को यह यात्रा निकाली जाती है। सुबह 7.30 बजे बड़ा चौक स्थित भैरवनाथ मंदिर पर ध्वजा की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद 21 फीट की ध्वजा के साथ यात्रा प्रारंभ की। यात्रा का गणपति चौक, नाहरसिंह माता मंदिर समिति, वरुणदेव मंदिर, मंडल गेट समिति सहित कई भक्तों ने जगह-जगह स्वागत किया। ध्वजा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नालछा माता मंदिर पहुंची। यहां माता की पूजा-अर्चना कर ध्वजा चढ़ाई गई। ग्रुप ने 51 किलो केले का भोग लगाकर प्रसादी वितरण की। अरुण शर्मा, नरेंद्र कागला, श्याम जाकेटिया, राजू, ओमप्रकाश, रमेश परवाल आदि उपस्थित थे।

दो क्विंटल खीर का लगाया भोग

नवरात्रि के अवसर पर नालछा माता मार्ग पर स्थित संतोषी माता मंदिर पर भी कई धार्मिक आयोजन हुए। भक्तों द्वारा सुबह 9 बजे माता की महाआरती की गई। इसके बाद 2 क्विंटल खीर का भोग लगा कर महाप्रसादी वितरित की गई। इस अवसर पर प्रकाश सिसौदिया, रमेशचंद्र, दिलीप अग्रवाल, शैलेंद्र सिसौदिया आदि उपस्थित थे।