ताजा खबर मध्यप्रदेश

खनन माफिया ने की एसडीएम को कुचलकर मारने की कोशिश

सतना : सतना जिले के बचपई गांव के पास नागौद के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) निलांबर मिश्रा को खनन माफिया ने एसयूवी से कथित तौर पर कुचलकर मारने की कोशिश की। हालांकि किसी तरह वह बच गये।

पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने आज (गुरुवार) बताया कि एसडीएम अपने दल के साथ कल स्थानीय ठेकेदार लल्ला सिंह द्वारा अवैध खनन किये जाने की जांच करने गये थे। लल्ला सिंह और उसके कारिंदों पर अवैध खनन का विरोध करने पर गांव के सरपंच के साथ हाथापाई करने का भी आरोप है।

कुमार ने बताया कि मिश्रा और उनके दल ने अवैध खनन में लगी जेसीबी मशीन, डम्पर और अन्य वाहन जब्त करना शुरू किया कि तभी लल्ला सिंह और उसके लोगों ने सरकारी दल पर हमला कर दिया और उन पर एसयूवी चढ़ाने की कोशिश की। लेकिन एसडीएम किसी तरह अपना बचाव करते हुए तुरंत अपने सरकारी वाहन में जा बैठे।

उन्होंने बताया कि इसके बाद बाइक पर सवार ठेकेदार के पांच-छह लोगों ने एसडीएम को घेर लिया और कथित तौर पर उनसे गाली गलौच की और उनसे हाथापाई करने का भी प्रयास किया। उन्होंने बताया कि किसी तरह मिश्रा वहां से बचकर निकले और मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करायी।

कुमार ने बताया कि एसडीएम की शिकायत पर लल्ला सिंह, विष्णु प्रताप, गोलू सिंह, अनुराग सिंह ,रामबहादुर और तीन अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय दंड विधान की अन्य सम्बद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में सरगर्मी से जुटी है।

गौरतलब है कि कुछ साल पहले मुरैना जिले में अवैध खनन के पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली को रोकने के प्रयास में एक युवा आईपीएस अधिकारी की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई थी। बाद में इसी जिले में अवैध रेत से भरे एक डम्पर से पुलिसकर्मी की भी कुचलकर मौत हो गई थी।

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।