भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस का प्यादा और उसकी बकवास मंडली से ज्यादा कुछ नहीं। ‘आप’ कांग्रेस की सुपारी और केजरीवाल का सरौता लेकर चल रही है। ये लोग ईमानदारी का चोला और बेईमानी का झोला लटका कर चल रहे हैं। अरविंद केजरीवाल भी मानसिक दिवालिएपन के शिकार हैं।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए नकवी ने कहा कि ‘आप’ तो कांग्रेस की प्राक्सी दल है, उसे कांग्रेस उपयोग कर रही है। मप्र में लोकसभा टिकटों के संदर्भ में पूछे सवालों पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। ज्यादातर सवालों पर यही कहा कि प्रदेश चुनाव समिति ही इस मामले में विचार करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के बीच लोकसभा टिकटों को लेकर चल रहे घमासान की खबरों पर उन्होंने इतना भर कहा कि अभी सीटों की घोषषणा नहीं हुई है। इसलिए यह कहना गलत है कि किसी तरह का विवाद है। नरेंद्र मोदी, मुरली मनोहर जोशी और राजनाथ सिंह की सीट को लेकर कोई विवाद की स्थिति नहीं है।

हमें स्पष्ट जनादेश मिलेगा

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि देश में भाजपा के पक्ष में माहौल है, भाजपा और एनडीए को 300 से अधिक सीटों पर विजय मिलेगी। भाजपा को स्पष्ट जनादेश मिलेगा, हमारा जो़़डतो़़ड की राजनीति भरोसा नहीं। उन्होंने बताया कि पार्टी देश में 400 से अधिक सीटों पर चुनाव ल़़डेगी। उत्तर प्रदेश में ही भाजपा 50 से अधिक सीटें जीतेगी।

कांग्रेस, भ्रष्टाचार का ताबूत

नकवी ने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता से वोट मांगेगी। कांग्रेस के दस वर्षो के कुशासन से जनता तंग आ चुकी है। कांग्रेस के लोग भी अब पार्टी छोड़कर भागने लगे हैं। कांग्रेस को भ्रष्टाचार का ताबूत कहते हुए वह बोले अब उस पार्टी में कोई रकना नहीं चाहता। हार के भय से कांग्रेस हताशा की शिकार हो गई है। उन्होंने राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह को तालिबानी मानसिकता का बताते हुए कहा कि वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं।