लगता है अमर सिंह फिर से मुलायम सिंह यादव से नजदीकी बढ़ाने की कोशिश में जुट गए हैं। हालांकि सपा की ओर से अबतक उन्हें कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिला है।अमर सिंह फतेहपुर सिकरी से राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी हैं। अमर सिंह ने आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में मुलायम के पक्ष में प्रचार करने की पेशकश की है। यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमर सिंह ने कहा कि वह नहीं चाहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी आजमगढ़ से चुनाव जीते।

अमर सिंह वर्ष 2010 में मुलायम सिंह से अलग हो गए थे। हाल ही में उन्होंने अजित सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल का दामन थाम लिया है। बुधवार को अमर सिंह ने फतेहपुर सिकरी में रोड शो किया। हालांकि उन्हें यहां बहुत अच्छा रिस्पांस नहीं मिला। कहा जा रहा है कि यहां अमर सिंह को भाजपा के चौधरी बाबू लाल सहित सपा और बसपा से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। सपा ने यहां से अपने मंत्री अरिंदम सिंह की पत्नी पक्षिका सिंह को टिकट दिया है। जबकि आम आदमी पार्टी ने महावीर सोलंकी नाम के किसान को टिकट दिया है।