
राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार से सचिन पायलट को उपमुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद राज्य मंत्रिमंडल की आज मंगलवार शाम को पहली बैठक होने जा रही है. यह बैठक मुख्यमंत्री गहलोत के सरकारी आवास पर बुलाई गई है. जयपुर में आज शाम को मुख्यमंत्री आवास पर साढ़े 7 बजे कैबिनेट की मीटिंग है और रात 8 बजे मंत्री परिषद की बैठक है.
इससे पहले राजस्थान के सियासी संकट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बाजी मार ली. मंगलवार सुबह हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायकों ने गहलोत को अपना नेता माना और उपमुख्यमंत्री पायलट के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर डाली. इसके बाद राजस्थान मंत्रिमंडल से सचिन पायलट और उनके 2 करीबी मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से भी हटाए गए पायलट
मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने के साथ ही सचिन पायलट को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद से भी हटा दिया गया है. उनकी जगह पर राज्य शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. पायलट के अलावा विश्वेंद्र सिंह और रमेश मीणा की भी मंत्रिमंडल से छुट्टी कर दी गई है.
कांग्रेस नेता और प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सचिन पायलट को प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही उपमुख्यमंत्री पद से हटाए जाने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि सचिन पायलट के साथ ही विश्वेंद्र सिंह और रमेश मीणा को भी मंत्री पद से हटाया जा रहा है. कांग्रेस विधायक पायलट के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे.




