नई दिल्ली (जेएनएन)। पिछले कुछ दिनों से समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पहले से ही बाधित है। पहाड़ो में हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों को घरो में रहने को मजबूर कर दिया है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू- कश्मीर में कई जगह पर तापमान शून्य से नीचे आ गया है। उत्तराखंड के कई इलाकों में पानी जमने से पाइप लाइने फटनें लगीं है वहीं हिमाचल में लगातार हो रही बर्फबारी से न केवल बिजली-पानी का संकट गहरा गया है बल्कि कुल्लू की वह सरेयोलसर झील भी जम जुकी है जिसमें मकर संक्रांति के दिन डुबकी लगाई जाती है। –

उत्तराखंड- पर्वतीय इलाकों में पाले ने बढ़ाई मुसीबत

शीतलहर से बेजार पर्वतीय अंचल में अब पाले ने मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। आलम यह है कि अत्यधिक मात्र में पाला गिरने से पाइपों में बर्फ जम जाने से सर्दी में पानी का संकट पैदा हो गया है। कड़ाके की ठंड में पड़ रहा जबर्दस्त पाला जी का जंजाल बनता जा रहा है। रात भर गिर रहे पाले के कारण पेयजल लाइनों में बर्फ जमने से जलापूर्ति बाधित हो गई है। इससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

हिमाचल: कल से फिर होगा भारी हिमपात लगता है कि इस बार मौसम प्रदेशवासियों को राहत देने वाला नहीं है। पिछले हफ्ते हुई बर्फबारी के बाद हालात अभी सामान्य नहीं हो पाए हैं और मौसम विभाग ने 15 व 16 जनवरी को फिर से भारी हिमपात की चेतावनी दी है। प्रदेश सरकार ने मौसम संबंधी चेतावनी को देख अलर्ट जारी कर दिया है। जनजातीय लाहुल-स्पीति में ठंड से नदी-नाले जम गए हैं। मनाली, शिमला सहित कई क्षेत्रों में पानी जमने से सुबह-शाम पारा जमाव बिंदु से नीचे रह रहा है। सोलन शहर में भी पारा माइनस एक डिग्री से नीचे चला गया है। ऐसे में सरकार ने सभी सरकारी महकमों के अधिकारियों व कर्मचारियों को स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।

जम्मू- कश्मीर: जम्मू में सीजन की सबसे ठंडी रात

समूचा जम्मू-कश्मीर शीतलहर और हाड़ गला वाली ठंड की चपेट में है। श्रीनगर में पिछले चौबीस घंटे का न्यूनतम तापमान -6.8 डिग्री सेल्यसियस दर्ज किया गया है। जो पांच वर्षो में जनवरी माह के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान है। जम्मू में लोहड़ी की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। रात का न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। ऊधमपुर में न्यूनतम तापमान -1.4 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। लेह में रात का न्यूनतम तापमान -14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग अनुसार इस सप्ताह बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।