वैष्णो देवी के दर्शन के लिए सांझी छत पहुंचे नरेंद्र मोदी
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी भारत विजय रैली को संबोधित करने से पहले माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए सांझी छत पहुंच गए हैंनरेंद्र मोदी आज ऊधमपुर में भारत विजय रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश में दो और दिल्ली में एक रैली को संबोधित करेंगे भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस दिन भर जुटी रही। जिला पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त वीवी चौधरी समेत सुरक्षा शाखा के अधिकारी रैली स्थल पर सुरक्षाकर्मियों को दिशा निर्देश देते रहे। रैली को लेकर भाजपा नेता भी दिन भर जुटे रहे। कार्यकर्ताओं को पास उपलब्ध करवाने से लेकर रैली में आने वाले लोगों की सूची बनाने में लगे रहे।
जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार रैली को लेकर आतंकी हमले का खतरा है। इस वजह से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। जिला पुलिस के अलावा स्पेशल सेल और सुरक्षा विंग के अधिकारियों ने भी रैली स्थल और आसपास के इलाकों का जायजा लिया। रैली की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला पुलिस ने सुरक्षा बलों की कई अतिरिक्त कंपनियां मांगी हैं। अधिकारियों के अनुसार मोदी की रैली में आने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए कई चक्रीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। जहां पहले घेरे में जिला पुलिस के जवान रहेंगे वहीं दूसरे घेरे में अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियां रहेंगी। सुरक्षा विंग के कर्मचारी भी आने जाने वालों की जांच में जुटे रहेंगे। इसके अलावा रैली के दौरान मंच के आसपास तीन चक्रीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मंच के आसपास के क्षेत्र में वीआइपी और वीवीआइपी पास धारक ही पहुंच पाएंगे। रैली के दौरान लोगों के बीच में काफी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। इसमें स्पेशल सेल के जवान व अधिकारी भी रहेंगे। काफी तादाद में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। रैली को लेकर भाजपा नेता मंगलवार को दिन भर मंथन करते रहे। भाजपा के विभिन्न मंडलों ने 20 हजार कार्यकर्ताओं को पास दिए गए हैं। काफी संख्या में आम लोग भी रैली में आएंगे। टेंट लगने से से लेकर बैरीकेडिंग और कुर्सियों आदि की व्यवस्था का जायजा लेने में भाजपा नेता जुटे रहे। इस रैली में दिल्ली के सभी सात संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी पहुंचेगे। चूंकि शास्त्री पार्क का डीडीए मैदान छोटा है इस वजह से पुलिस व जिला प्रशासन ने ज्यादा लोगों को रैली में शामिल नहीं करने का आग्रह किया है। इससे सुरक्षा व्यवस्था संभालना मुश्किल हो जाएगा।
रैली के दौरान लगेगा जाम:
रैली के दौरान जीटी रोड पर जाम रहने की संभावना है। जिससे रैली के दौरान वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करने की यातायात पुलिस ने सलाह दी है।




