मुंबई में आज से 102वीं साइंस कांग्रेस शुरु हो गई है। इसका उद्धाटन पीएम नरेंद्र मोदी ने किया। माना जा रहा है कि इस साइंस कांग्रेस में करीब 12 हजार प्रतिनिधियों के अलावा कुछ नोबेल पुरस्कार विजेता भी हिस्सा लेंगे।ये साइंस कांग्रेस सात जनवरी तक चलेगी। इस साल साइंस कांग्रेस की थीम है– मानव विकास के लिए विज्ञान और तकनीकी।मुंबई विश्वविद्यालय में हो रही इस साइंस कांग्रेस का मुख्य आकर्षण ‘प्राइड ऑफ इंडिया’ प्रदर्शनी होगी जिसमें भारत में विकसित अहम तकनीकी, उत्पाद और सेवाओं को दिखाया जाएगा।उद्धाटन करने के बाद पीएम मोदी ने उपस्थित लोगों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मानव विकास और विज्ञान का सीधा संबंध है और विज्ञान से कारण ही मानव मंगल और चांद पर पहुंच सका है।समारोह के उद्धाटन के बाद पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान मानव के रोजाना जीवन की जरूरत बन गया है। विज्ञान से ना केवल गरीबी दूर करने में योगदान मिला है बल्कि सफाई में भी विज्ञान ने मदद की है।

उन्होंने कहा कि भारत के विकास में भी विज्ञान की अहम भूमिका रही है। हम मंगल मिशन में सफल हुए हैं और पहली कोशिश में ही वहां तक पहुंचे, ये हमारे लिए गर्व की बात है।मोदी ने कहा कि विज्ञान की मदद से दुनिया में शांति संभव है लेकिन इसके गलत इस्तेमाल से नुकसान भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस समारोह में हिस्सा लेना उनके लिए गर्व की बात है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें देश में रिसर्च को बढावा देना है तभी हम दुनिया की चुनौतियों का सामना कर पाएंगे। हमें वेस्ट को वेल्थ में बदलना है और इसके लिए सोच एवं समर्पण की जरूरत है।