मुंबई: बॉलीवुड के निर्देशक रोहित शेट्टी सुपरहिट फिल्म हम का रिमेक बना सकते है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सिंघम रिटर्नस अभी हाल ही में प्रदर्शित हुई है। रोहित शेट्टी अब अपनी नयी फिल्म की तैयारियों में जुटने जा रहे है।सिंघम रिटर्नस के बाद रोहित शेट्टी फिर से शाहरूख खान के साथ फिल्म बनाने की घोषणा पहले ही कर चुके है। रोहित ने इस बात से भी स्पष्ट इनकार किया है कि वह चेन्नई एक्सप्रेस का सीक्वल बनाएंगे।चर्चा है कि रोहित शेट्टी अब अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म हम का रिमेक बनाने जा रहे है। इस फिल्म में शाहरूख खान.सिद्धार्थ मल्होत्रा और वरूण धवन की मुख्य भूमिकायें होंगी। इस फिल्म में शाहरूख खान, महानायक अमिताभ बच्चन का किरदार निभा सकते है।

फिल्म में शाहरूख के अपोजिट कैटरीना कैफ काम कर सकती है। शाहरूख ने कैटरीना के साथ इससे पूर्व वर्ष 2012 में प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म जब तक है जान में काम किया था। हालांकि इस बात की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नही की जा सकी है।उल्लेखनीय है कि वर्ष 1991 में प्रदर्शित फिल्म हम में अमिताभ बच्चन के अलावा रजनीकांत, गोविन्दा, डैनी, किमी काटकर, कादर खान और शिल्पा शिरोड़कर ने भी मुख्य भूमिकायें निभायी थी।