मॉस्को। रूस में लाल और हरे रंग के हीरों से सजी चट्टान का टुकड़ा मिला है। इस टुकड़े में 30 हजार छोटे-छोटे हीरे जड़े हैं। यह टुकड़ा रूस की सबसे विशाल खदान से मिला है। नॉक्सविल स्थित टेनेसी यूनिवर्सिटी की भूविज्ञानी लेरी टेलर ने कहा, सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें छोटे-छोटे 30 हजार हीरे जड़े हुए हैं। कोई भी हीरा बड़े आकार का नहीं है। पत्थर में हीरों की सघनता सामान्य हीरे के अयस्क से कई गुना अधिक है। सामान्य तौर पर प्रति टन अयस्क में एक से छह कैरेट पाई जाती है। लाइव साइंस की रिपोर्ट के मुताबिक, सभी हीरे इस पत्थर में रोशनी की लड़ी की तरह जगमगा रहे हैं। सभी हीरों का आकार महज 0.4 इंच है। ये सभी हीरे अष्टभुजाकार है।

इस चट्टान को शोध के लिए दान कर दिया गया है क्योंकि हीरों का आकार इतना छोटा है कि इनसे आभूषण नहीं बनाए जा सकते। टेलर ने बताया कि हीरों की इतनी बड़ी संख्या और वो भी लाल और हरे रंग में पाया जाना अपने आप में असामान्य बात है। यह धरती के गर्भ में हीरे की चट्टानों के निर्माण की प्रक्रिया के बारे में अहम जानकारी दे सकते हैं।