इंदौर। उत्तरी हवा ने एक बार फिर मौसम को ठंडा कर दिया है। रविवार को न्यूनतम (रात का) तापमान औसत से 3 डिग्री लुढ़क कर 8.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम (दिन का) तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से 2 डिग्री सेल्सियस कम था।

रविवार, सुबह से शाम तक सर्द हवाओं की गिरफ्त में था। मौसम केंद्र के मुताबिक इस मौसम में पहली बार तापमान सामान्य से तीन डिग्री लुढ़का। अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने से मौसम ठंडा रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।

पिछले साल 11 दिसंबर को सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

दिन में भी निकले स्वेटर-शॉल

इस मौसम में पहली बार लोगों को दिन में स्वेटर शॉल पहनना पड़े। बच्चे, बूढ़े, बड़े सभी गरम कपड़ों में नजर आए। वहीं शाम को सर्द हवा से कंपकंपी हो रही थी।

13 दिन में 9 डिग्री लुढ़का रात का पारा

दिसंबर माह के 13 दिन बीत चुके हैं। रात का तापमान नौ लगातार गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन दिन का पारे में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिससे रातें ठंडी तो दिन कभी गर्म तो कभी ठंड का एहसास करा रहे हैं।

1 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जबकि 13 दिसंबर को 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है, वहीं अधिकतम तापमान 1 दिसंबर को 32.4, 3 दिसंबर को 26.6 तो 6 दिसंबर को 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तापमान में ऐसा चल रहा है उतार-चढ़ाव

तारीख — अधिकतम –न्यूनतम

1 — 32.4 –17.4

2 — 30.4 –16.9

3 — 26.6 –15.0

4 — 28.8 –12.4

5 — 29.4 –11.9

6 — 31.1 –11.6

7 — 29.0 –11.8

8 — 31.1 –12.0

9 — 30.3 –13.0

10 — 30.6 –14.0

11 — 26.6 –15.0

12 — 24.4 –9.5

13 — 24.5 –8.4