वाशिंगटन। अमरीका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में संसद भवन के अतिथि केन्द्र के पास अंधाधुंध फायरिंग की गई। फायरिंग में संसद का एक पुलिस अधिकारी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। ईस्टर के अवकाश की वजह से संसद का सत्र नहीं चल रहा था, सभी सांसद अपने क्षेत्रों में थे।

इस दौरान व्हाइट हाउस की सुरक्षा भी कुछ देर के लिए सख्त की गई, लेकिन उसे जल्दी ही सामान्य कर दिया गया। जिस पुलिस अधिकारी को गोली लगी है, उसकी हालत गंभीर नहीं है। कर्मचारियों, संवाददाताओं और अन्य लोगों को यथा स्थान पर रुकने को कहा गया और उन्हें अपने कार्यालयों से निकलने से मना कर दिया गया। घटना के तुरंत बाद सशस्त्र पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया। ईस्टर अवकाश और चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल के कारण वहां पर्यटकों की खासी संख्या थी।

जिस जगह यह घटना घटी है वह कैपिटल हिल अमेरिकी राजधानी का सबसे अहम स्थान है, जहां संसद भवन सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी इमारतें हैं। यूएस स्टेट्स कैपिटॉल या कैपिटॉल बिल्डिंग दरअसल यूनाइटेड स्टेट्स कांग्रेस की सीट है। इसे यूएस गवर्नमेंट की लेजिसलेटिव ब्रांच कहा जाता है। यहां पार्लियामेंट (यूएस कांग्रेस) और दूसरी सरकारी इमारतें हैं। अतः सुरक्षा की दृष्टि से यह अतिमहत्वपूर्ण एरिया माना जाता है।

आरोपी नियमित रूप से आता था कैपिटल

अमरीकी राजधानी में एक व्यक्ति द्वारा कैपिटल विजिटर सेंटर के बाहर फायरिंग करने के बाद यूएस कैपिटॉल बिल्डिंग तथा व्हाइट हाउस बंद कर दिया गया है। फायरिंग करने वाले शख्स की पहचान 66-वर्षीय लैरी रसेल डॉसन के रूप में की गई है वह वहां नियमित रूप से आता था।

पुलिस चीफ मैथ्यू वेरडेरोसा ने बताया कि फायरिंग करने वाले लैरी अक्सर कैपिटल आता रहता था। वह मेटल डिक्टेक्टर से गुजरना चाहता था परन्तु मैग्नेटोमीटर के बीप करने पर उसे रोका गया जिस पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह भी घायल हो गया। फिलहाल उसे अस्पताल ले जाया गया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

वाशिंटगन डीसी के सुरक्षा सलाहकार ने भी ट्वीट कर घटना के बारे में जानकारी दी है