‘मोदी को पीएम बनने से रोकने के लिए भाजपा के कई नेता संपर्क में’
घर में अपनों से रूबरू सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की प्रधानमंत्री बनने की ख्वाहिश फिर जुबान पर आ गई। साथ ही उन्होंने कहा कि मोदी ने लालकृष्ण अडवाणी को ठिकाने लगाया अब भाजपा में उनके दुश्मन ही उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठने देंगे। मोदी पर वार करते हुए कहा कि उन्हें दरकिनार करने के लिए भाजपा के कुछ नेता उनके लगातार संपर्क में है।
मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के जसवंतनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को बल देते हुए कहा कि प्रदेश में सर्वाधिक सीटें सपा को मिलीं प्रधानमंत्री पद के लिए उनकी दावेदारी मजबूत होगी। उन्होंने ये भी समझाया कि बहुमत का 272 का आंकड़ा एनडीए को नहीं मिलने वाला। मिल भी गया तो भाजपा के ही नेता मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे।
भाजपा की सभा में सांड़ के घुसने पर प्रदेश में सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली मोदी की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बाद अब खुद सपा मुखिया ने जवाब दिया। अपने आधे घंटे के संबोधन में कहा कि वह प्रकृति में जिये हैं, खेती किसानी पेशा रहा है। गाय, भैंसें, सांड़ हमारे बचपन के दोस्त हैं। सांड़ की पीठ पर बैठ खूब गाय, भैंस चराई हैं। साथ ही सवाल भी किया पता नहीं मोदी खेती करना जानते भी हैं या नहीं। गुजरात के विकास माडल की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि मोदी के राज्य में तो 39 फीसद महिलाओं को बीमारी का इलाज नहीं मिलता है। 89 प्रतिशत महिलाएं और 91 प्रतिशत पुरुष मजदूरी कर पेट पालते हैं।
सपा मुखिया ने कहा कि मोदी ने लालकृष्ण अडवाणी को ठिकाने लगाया अब भाजपा में उनके दुश्मन ही उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठने देंगे। दुष्कर्म के आरोपियों पर दिए बयान के बाद आरोपों से घिरे सपा प्रमुख ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने जितनी लड़ाई महिलाओं की लड़ी उतना संघर्ष देश में किसी ने नहीं किया। बोले, आरोपियों की पैरवी नहीं की बल्कि मौत की सजा की मुखालफत की थी।
सूबे के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले डेढ़ वर्षो में बिजली संकट दूर हो जाएगा। बिजली संकट के लिए पूर्व की बसपा सरकार को दोषी ठहराते हुए उन्होंने कहा कि पांच साल में एक भी मेगावाट बिजली पैदा नहीं हुई। कांग्रेस पर देश के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगा उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण ही आने वाले समय में अन्न का संकट होगा। उन्होंने आजम खान पर चुनाव आयोग द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को हटाने की मांग भी की।




