केंद्र सरकार से हमें भी कई मुद्दों पर नाराजी है। हम लगातार केंद्र सरकार पर दबाव बनाते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मर्यादा में रहना चाहिए। संवैधानिक तरीके से हर मांग जायज है। मैं किसी की आलोचना में विश्वास नहीं रखता।यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने गुरुवार को नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण गेस्ट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। श्री चौहान ने निमाड़ के अरुण यादव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की बात पर कहा कि वे उन्हें चुनौती नहीं मानते। यादव मित्र हैं और हम जनता की सेवा कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री चौहान दो दिवसीय प्रवास के दौरान यहां रुके थे। उन्होंने बुधवार को जहां आओ मप्र बनाएं कार्यक्रम में भाग लिया, वहीं गुरुवार को प्रबुद्धजनों के साथ मुलाकात कर क्षेत्र विकास के लिए क्षेत्रीय स्तर पर भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। श्री चौहान मलिन बस्तियों में भी पहुंचे।

शुरू हुई मोदी केम्पेनिंग

वोट फॉर मोदी एंड नोट फॉर इंडिया अभियान के साथ ही नरेन्द्र मोदी केम्पेनिंग की शुरुआत भी श्री चौहान ने शहर से की। संगठन पदाधिकारियों के साथ वे शहर के मार्गो पर निकले। भाजयुमो जिलाध्यक्ष रवि जायसवाल के आग्रह पर वे मोदी चाय स्टॉल पर चुस्की लेने भी पहुंचे।