मंदसौर। शुक्रवार को कृषि उपज मंडी में प्याज की जोरदार आवक रही। इसके चलते किसानों ने नीलामी स्थल के आसपास सड़कों पर ही प्याज के ढेर लगा दिए। सड़कों पर ठेलागाड़ी निकालने के साथ ही पैदल निकलने में भी समस्या हुई तो हम्मालों ने काम बंद कर हंगामा शुरू कर दिया। मंडी में हुई धमाल के बाद मप्र किसान आयोग के अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश देकर काम शुरु किया।

शुक्रवार को प्याज की आवक अधिक होने पर किसानों ने रोड पर ही प्याज के ढेर लगा दिए। हम्मालों को ठेला निकालने में समस्या हुई तो विरोध कर काम बंद कर दिया। लगभग एक घंटे तक मंडी में हंगामा चला। कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को प्याज की 8 हजार बोरी की आवक हुई। आवक अधिक होने से प्याज नीलामी परिसर में जगह नहीं होने पर किसानों ने नीलामी परिसर के बाहर सड़कों पर ही प्याज के ढेर लगा दिए। रोड पर प्याज के ढेर होने से हम्मालों को आने-जाने में खासी समस्या हुई। व्यापारियों के गोदाम पहुंचाने में समस्या हुई। इस पर हम्मालों ने विरोध कर काम बंद कर दिया। सभी हम्माल एकत्र होकर कृषि उपज मंडी कार्यालय पहुंचे। मामले की सूचना मिलने पर वायडी नगर टीआई किशोर पाटनवाला ने भी मौके पर पहुंचकर हम्मालों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माने।

मौके पर घूमे, ढेर

हटवाए तो माने

मंडी कार्यालय में पहुंचे मप्र किसान आयोग अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर को मंडी समिति में हम्माल प्रतिनिधि दिलीप ग्वाला ने अपनी समस्या से अवगत कराया। तब श्री गुर्जर ने हम्मालों को भी हंगामा करने के बजाय समस्या के समाधान के प्रयास करने की समझाइश दी। इसके बाद श्री गुर्जर सभी को साथ लेकर स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। सबसे पहले श्री गुर्जर ने किसानों से कहा कि सड़क पर लगाए प्याज के ढेर हटाए। फिर एक-एक कर ढेर की नीलामी हुई और हम्मालों को भी रास्ता मिल गया।

हम्मालों ने दोपहर 12 बजे व्यवस्था का विरोध करते हुए कार्य बंद कर दिया। जिससे नीलामी भी बंद हो गई। हम्मालों का विरोध प्रदर्शन व समझाइश का दौर एक घंटे तक चला। इस दौरान नीलामी कार्य पूरी तरह से बंद रहा।

समस्या होती है

किसानों द्वारा नीलामी परिसर के बाहर सड़कों पर आए दिन उपज के ढेर लगा दिए जाते हैं। इससे हाथ ठेला निकालने में समस्या होती है। शुक्रवार को तो पूरा मार्ग ही बंद कर दिया। मजबूरी में विरोध करना पड़ा।