भोपाल (नप्र)। जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के असर से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में रात व दिन के तापमान में गिरावट आई है। एक दिन में तापमान में 2 से 9 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। इस दौरान प्रदेश में सबसे कम तापमान गुना में 8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी।राजधानी में एक दिन में रात के तापमान में 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पहले यह 19 डिग्री रहा था। अभी तक दिसंबर में सिर्फ 6 तारीख को एक बार इससे कम तापमान 10.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था।वहीं, शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री रहा। शुक्रवार को यह 27.6 डिग्री दर्ज हुआ था। उधर, प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ, जबकि अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

इसलिए नीचे गया पारा

प्रदेश में ठंड का कम या ज्यादा होना मुख्यत: हवा की दिशा पर निर्भर करता है। राजस्थान में बना चक्रवात समाप्त होने के साथ ही हवा का रुख उत्तरी-पूर्वी व उत्तरी हो गया है। चूंकि देश के उत्तरी हिस्से में बर्फबारी हुई है, इसलिए वहां से सर्द हवाएं आ रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आएगी।