1 min read

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा, एक्जिट पोल को छोड़ो; मतगणना केंद्रों पर डटे रहो

लोकसभा चुनाव 2019 : कांग्रेस महासचिव ने कहा कि अफवाहों और एक्जिट पोल से हिम्मत मत हारिए, यह अफवाहें आपका हौसला तोड़ने के लिए फैलाई जा रहीं

Elections 2019 : प्रियंका गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा, एक्जिट पोल को छोड़ो; मतगणना केंद्रों पर डटे रहो

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि एक्जिट पोल पर ध्यान न देकर मतगणना केंद्रों पर डटे रहें.

नई दिल्ली: 

लोकसभा चुनाव के परिणामों को लेकर सभी प्रमुख चैनलों की ओर से प्रसारित एक्जिट पोल में बीजेपी  नेतृत्व वाले एनडीए को बहुमत मिलने का अनुमान लगाए जाने की पृष्ठभूमि में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अफवाहों एवं एक्जिट पोल पर ध्यान न दें और स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केंद्रों पर डटे रहें.

कार्यकर्ताओं को जारी ऑडियो संदेश में प्रियंका ने कहा, ”आप लोग, अफवाहों और एक्जिट पोल से हिम्मत मत हारिए. यह अफवाहें आपका हौसला तोड़ने के लिए फैलाई जा रही हैं. इस बीच आपकी सावधानी और भी महत्वपूर्ण बन जाती है. स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों पर डटे रहिए और चौकन्ने रहिए.”

उन्होंने कहा, ”हमें पूरी उम्मीद है कि हमारी और आपकी मेहनत का फल मिलेगा.”

NDA को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है.  लोकसभा चुनाव 2019 के लिए रविवार शाम को जारी ज्यादातर एक्जिट पोल के मुताबिक एक बार फिर भाजपा नीत एनडीए बहुमत से केन्द्र में सरकार बनाता दिख रहा है. लगभग सभी एक्जिट पोल में भाजपा नीत गठबंधन को 272 के जादुई आंकड़े को पार करता दिखाया गया है.