ताजा खबर देश

पीएम मोदी ने नीतीश-लालू से मांगा 25 सालों का हिसाब

भागलपुर। बिहार में चुनाव की विधिवत घोषणा होने में भले कुछ दिन की देरी हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में अपनी चौथी और आखिरी परिवर्तन रैली में विकास को चुनावी एजेंडा घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा, मैदान में उतरने से पहले हम चुनाव जीत गए, क्योंकि 25 साल तक बिहार का सत्यानाश करने वाले भी विकास की बात करने को मजबूर हो गए हैं, चुनाव विकास के मुद्दे पर ही लड़ा जाएगा। यह चुनाव बिहार में सरकार बनाने के लिए हो रहा है। 25 साल से जो लोग सत्ता में रहे, वे जनता को हिसाब देने को तैयार नहीं हैं, उल्टे मोदी से हिसाब मांग रहे हैं। नीतीश कुमार और लालू यादव को हर हाल में 25 साल का हिसाब देना होगा।

चारे में जाएगा 1.06 लाख करोड़?

प्रधानमंत्री ने कहा कि 14वें वित्त आयोग ने कहा है कि अगले पांच साल में बिहार को तीन लाख 76 हजार करोड़ रुपये केंद्र से मिलेंगे। ये 1.65 लाख करोड़ के मेरे पैकेज से अलग हैं। अपना कुछ नहीं, दिल्ली से आने वाले पैसे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2.74 लाख करोड़ का पैकेज घोषित किया है, अब इन लोगों से पूछना चाहिए कि बचा हुआ 1.06 लाख करोड़ रुपया कहां जाएगा? क्या यह पैसा चारे के लिए लगाया जाएगा?

2019 में पाई-पाई का हिसाब दूंगा

मोदी ने कहा कि मुझसे अपने वादों का हिसाब मांगा जा रहा है। 2019 का जब लोकसभा चुनाव होगा तो मैं फिर से आप लोगों के बीच आऊंगा और अपने पांच साल के काम और पाई-पाई का हिसाब दूंगा। लेकिन राज्य में जो सत्ता में बैठे हैं उन्हें भी अपने 25 साल के काले-कारनामों का हिसाब देना चाहिए।

तिलांजलि सभा थी स्वाभिमान रैली

प्रधानमंत्री ने दो दिन पहले पटना के गांधी मैदान में हुई महागठबंधन (जदयू-राजद-कांग्रेस गठबंधन) की स्वाभिमान रैली को तिलांजलि सभा का नाम दिया। मोदी ने कहा कि इन लोगों ने राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर को तिलांजलि दे दी। लोहिया और उनके शिष्य देश को बचाने के लिए जिंदगी भर कांग्रेस के खिलाफ लड़ते रहे, लेकिन उन्हीं के चेले सत्ता स्वार्थ के लिए कांग्रेस से मिल गए। अब चुनाव में इनके खिलाफ वोट डालकर बिहार के लोग इन्हें तिलांजलि देंगे।

महागठबंधन पर भी चढ़ा मोदी का भूत

प्रधानमंत्री ने कहा गांधी मैदान की रैली में एक से बढ़कर एक लोग शरीक हुए। उम्मीद थी वहां लोग बिहार के विकास का मुद्दा तय करेंगे, लेकिन कोई मुद्दा तय नहीं हुआ। सबका एक ही लक्ष्य था मोदी, मोदी, मोदी….। जहां जाता हूं उत्साही लोग मोदी-मोदी चिल्लाते हैं। इन पर मेरा ऐसा भूत चढ़ा है कि अब ये लोग भी मोदी -मोदी चिल्लाने लगे हैं।

बिहार के लोग सबसे बुद्धिमान

नरेंद्र मोदी ने पिछली सभा में नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल उठाया था। इसे नीतीश ने बिहार का अपमान बताते हुए माफी की मांग की थी। भागलपुर की रैली में मोदी ने माफी तो नहीं मांगी, लेकिन बिहार के लोगों को सबसे बुद्धिमान बताकर सफाई दे दी।

पहली बार विकास के लिए वोट

परिवर्तन रैली में रिकॉर्डतोड़ भीड़ उमड़ी। भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को सभास्थल पर पहुंचने से पहले दो घंटे जाम में फंसे रहना पड़ा। गदगद प्रधानमंत्री ने भीड़ की ओर इशारा कर कहा, राजनीतिक पंडितों देख लो, लोग किसे वोट करने वाले हैं। 25 साल बाद जनता विकास के लिए वोट देने वाली है।

 

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।