लाहौर। पाकिस्तान के पूर्वी शहर लाहौर में बुधवार को एक चार मंजिला कारखाने की इमारत ढह गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और 75 अन्य घायल हो गए। मलबे में दर्जनों लोगों के दबे होने का अंदेशा है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा जताते हुए बताया कि हादसे के वक्त कारखाने में करीब 150 लोग काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मलबे के भीतर से तीन से चार लोगों ने मदद के लिए फोन किया है।

राहत और बचाव के काम में सेना को भी लगाया गया है। इस फैक्टरी में शॉपिंग बैग बनाया जाता था। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। इसे पाकिस्तान में अब तक हुए बड़े औद्योगिक हादसों में से एक माना जा रहा है। इससे पहले सितंबर 2012 में कराची में एक गारमेंट फैक्ट्री में आग लगने से 289 लोगों की मौत हो गई थी। उसी दिन लाहौर के एक जूता फैक्ट्री में आगजनी से 25 की मौत हो गई थी।