नई दिल्ली. सर्दी के मौसम में बहुत से लोग सूप पीते हैं। इसका चलन धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। इसका सीधा कारण है, सूप का पौष्टिक होना। लेकिन सवाल है कि क्या सिर्फ पौष्टिक होने के कारण ही सर्दी में सूप पीना चाहिए या इसके दूसरे फायदे भी हैं? आइए जानते हैं कि सर्दी के मौसम में गर्म सूप पीने के क्या फायदे हैं, इसे अधिक पौष्टिक बनाने का सही तरीका क्या है?
जाड़े में है लाभप्रद
सर्दी के मौसम में सूप पीने के बहुत सारे लाभ होते हैं। इस मौसम में मिलने वाली सभी सब्जियों का हम सूप के जरिए एक साथ इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर सब्जी बनाई जाए तो एक साथ सभी को मिक्स करना संभव नहीं है। सूप का सबसे बड़ा लाभ यह होता है कि एक तो इसे गर्म पिया जाता है। इस तरह इसे पीने से हमारे शरीर को गर्माहट मिलती है। इससे हम ठंड से बचे रहते हैं। दूसरी बात यह कि सूप बहुत ही पौष्टिक पेय होता है। इसके जरिए कई तरह की सब्जियों के पौषक तत्व एक कटोरे में आ जाते हैं। इस तरह हमें एक बाउल या बिग कप सूप में ही सभी जरूरी विटामिंस, मिनरल्स, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट मिल जाते हैं। इससे इस मौसम में हमारी इम्यूनिटी बढ़ती है और हम इंफेक्शन से बचे रहते हैं। इस तरह देखा जाए तो सूप से हमारी दोनों जरूरतें पूरी होती हैं। हम बीमारियों से बचे रहते हैं और शरीर को गर्माहट भी मिलती रहती है। इसलिए इस मौसम में हर किसी को, खासकर बच्चों और बूढ़ों के लिए सूप बेहद लाभदायक साबित होता है।
और भी हैं फायदे
सूप पीने के और भी कई फायदे हैं। सूप के द्वारा न्यूट्रीएंट्स मिलने के साथ ही पानी भी हमारे शरीर में जाता है। चूंकि इन दिनों हम कम पानी पीते हैं, ऐसे में हमारे शरीर में पानी की कमी होने का खतरा बहुत ज्यादा होता है। लेकिन अगर हम नियमित रूप से सूप लेते हैं, तो हमारी बॉडी का वाटर बैलेंस मेंटेन रहता है और शरीर में पानी की कमी नहीं होती है। साथ ही वजन भी मेंटेन रहता है। इससे बार-बार लग रही भूख को भी कंट्रोल में किया जा सकता है, क्योंकि सूप एक अच्छा फिलर होता है।
वेज सूप बनेगा और भी न्यूट्रीशस
डाइटिशियंस के अनुसार न्यूट्रीशस वेज सूप बनाने का सही तरीका है कि सूप बनाने के लिए सब्जियों को काटकर उबाल लिया जाए। सब्जियों को कभी भी मैश करके सूप न निकालें। बल्कि उन्हें उबालकर सूप निकाल लें। मैश करने से सारा फाइबर निकल जाता है। जैसे पालक या मशरूम का अगर आपको सूप पीना है तो इन्हें काटकर उबाल लें। इसके बाद आप शिमला मिर्च, आलू, गोभी, ब्रोकली, मशरूम, बींस, हरा प्याज सहित दूसरी अन्य मौसमी सब्जियों को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर अलग से उबाल लें। अब इन उबली हुई सब्जियों को सूप में डालें, ताकि सूप के साथ सब्जियों भी खाई जाएं। इससे हमें फाइबर भी मिलेगा। दूसरी जरूरी बात यह कि सूप बनाते हुए उसे गाढ़ा करने के लिए ज्यादा मात्रा में कॉर्नफ्लोर डालने से बचें। ऐसा करने से आपका वजन बढ़ सकता है
न्यूट्रीशस नॉनवेज सूप
नॉनवेज सूप बनाने के लिए आप चिकन या मटन के लेग पीस का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनका सूप बनाकर उसमें भी मौसमी सब्जियों को डाल सकते हैं। नॉनवेज सूप चाहे आप किसी का भी बनाएं लेकिन उसमें सब्जियां जरूर डालें। प्योर नॉनवेज सूप न लें, बल्कि उन्हें सब्जियों के साथ मिक्स करके लें। ऐसा करने से सूप की पौष्टिकता कई गुना बढ़ जाएगी।

मिक्स वेजिटेबल सूप
सर्दियों में कई तरह की हरी सब्जियां मिलती हैं। ऐसे में इन दिनों सूप बनाने के कई सारे विकल्प उपलब्ध होते हैं। सभी सूप आपको बराबर मात्रा में गर्माहट और पौष्टिकता देते हैं। ऐसे में किसी एक ही तरह के सूप का सेवन करने के बजाय कई सब्जियों को मिक्स कर सूप का सेवन करें।