उज्जैन। देश के कुछ चुनिंदा शहरों में सिंहस्थ से पहले सिंहस्थ की झलक दिखाई देगी। सिंहस्थ के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शासन ने एक करोड़ रुपए की लागत से चार स्थानों पर आकर्षक प्रदर्शनी लगाने का निर्णय किया है। इनमें से एक स्थान इलाहाबाद में माघ मेले के दौरान प्रदर्शनी लगाई भी जा चुकी है। शासन इस बार सिंहस्थ के सुनियोजित आयोजन के साथ ही लोगों को आकर्षित व आमंत्रित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी कर रहा है। हाल में साधिकार समिति ने २५-२५ लाख रुपए की लागत से चार स्थानों पर सिंहस्थ प्रदर्शनी लगाने की मंजूरी दी थी। निर्णय अनुसार यह प्रदर्शनी चालू वित्तीय वर्ष के आखिरी के चार महीनों में लगाई जाना है। संभागीय जनसंपर्क अधिकारी आरआर पटेल के अनुसार इसके लिए शासन ने एजेंसी माध्यम को नियुक्त किया है।
प्रमुख मौकों पर प्रदर्शनी
प्रदर्शनी शहर विशेष के प्रमुख आयोजन के दौरान वहां लगाई जाएगी। ताकी अधिक से अधिक लोग प्रदर्शनी देख सकें। स्वीकृत योजना के तह कुछ दिन पूर्व पहली प्रदर्शनी इलाहबाद में माघ मेले के दौरान लगाई गई थी। इसके अलावा मेरठ में नौचंदी मेला, अलीगढ़ में नुमाईश, केरल सबरीमाला तीर्थ स्थल में प्रदर्शनी लगाकर सिंहस्थ प्रचार-प्रसार का निर्णय लिया गया था। हालांकि अब स्थान में परिवर्तन भी हो सकता है।