भिंड। दूल्हा बारात के साथ दरवाजे पर था। शादी की रस्म पूरी की जा रही थीं। इसी बीच दूल्हे के पिता ने दहेज में 2 लाख रुपए की मांग की। दरवाजे पर डिमांड सुनकर दुल्हन के परिवार वाले सकते में आ गए। दुल्हन को यह बात पता चली तो शादी से इनकार कर दिया। बाद में दूल्हे के परिजन ने मिन्न्तें कीं, लेकिन दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई। पुलिस ने आरोपी दूल्हे और परिजन पर दहेज एक्ट का केस दर्ज कर लिया है।
ऐसे हुआ पूरा विवाद
अटेर के परा गांव से दूल्हा मनीष राठौर पुत्र पूरन राठौर की बारात 4 फरवरी को मेहगांव में ग्वालियर रोड मंगलम गार्डन पहंुची थी। शादी में दरवाजा रुकाई की रस्म पूरी की जा रही थी। दुल्हन लक्ष्मी(18) के नाना नाथूराम राठौर ने 1100 रुपए दरवाजा रुकाई के सगुन में दिए। ग्यारह सौ रुपए देखकर दूल्हे का पिता पूरन राठौर नाराज हो गए। शराब के नशे में बाराती हंगामा करने लगे। दरवाजे पर रखे बर्तन फेंक दिए।
इस बीच दूल्हे के पिता ने 2 लाख रुपए की डिमांड कर दी। इस बात पर दुल्हन और दूल्हा पक्ष में बहस होने लगी। दुल्हन तक यह बात पहंुची तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया। बारातियों ने लड़की के मामा रामकिशोर राठौर सालूपुरा, मलखान, राजू, कल्लू राठौर के साथ मारपीट कर दी। मामला थाने तक पहंुचा। पुलिस ने दूल्हा मनीष राठौर, दूल्हे के पिता पूरन राठौर और दूल्हे के भाई पर दहेज एक्ट का केस दर्ज कर लिया है।
शादी से पहले खूब उपहार दिए
दूल्हे के परिवार को दुल्हन पक्ष की ओर से 2 फरवरी को लगुन में 3 लाख 41 हजार रुपए नकद व सामान दिया था। बारात वाले दिन भी उपहार में 1 लाख रुपए का फर्नीचर, 50 हजार के कपड़े आदि देकर आए थे। इतना सबकुछ मिलने के बाद भी दूल्हे के पिता ने दरवाजा रुकाई में 2 लाख की डिमांड कर दी।
दूल्हा परिजन के साथ भागा
दुल्हन की मां की शिकायत पर केस दर्ज होने की जानकारी मिलते ही दूल्हा परिजन के साथ गायब हो गया है, लेकिन पुलिस टीम भेजकर गिरफ्तारी कराएंगे