व्राक्लॉ (पोलैंड)। भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी और मंगल सिंह चंपिया की जोड़ी को रविवार को विश्व कप तीरंदाजी की मिक्स्ड रिकर्व टीम स्पर्धा के फाइनल में रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

दीपिका-मंगल की जोड़ी को फाइनल मुकाबले में मैक्सिको के ऐदा रोमन और जुआन रेने सेरानो की जोड़ी के हाथों 1-5 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। लंदन ओलंपिक की रजत पदक विजेता रोमन-सेरानो की जोड़ी ने शुरू में ही 3-1 की बढ़त बना ली थी।

इसी के साथ तीसरे चरण के विश्व कप में भारतीयों तीरंदाजों ने एक स्वर्ण और एक रजत सहित दो पदक जीतकर अपने अभियान का अंत किया। शनिवार को दिल्ली के अभिषेक वर्मा ने पुरुषों की व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में सोने पर निशाना साधा था। वहीं, कांसे के प्लेऑफ मुकाबले में भारतीय तिकड़ी को हार का सामना करना पड़ा था।